कार्यक्रम शुरू होने से पहले सपा मुखिया ने पूर्व विधायक श्याद अली को श्रद्धांजलि दी। मंच पर रखे गए उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद सभी नेताओं ने श्याद अली को श्रद्धांजलि दी। अखिलेश ने कहा कि श्याद अली ने पूरे जीवन संघर्ष किया। वह कार्यकर्ताओं के लिए आजीवन संघर्ष करते रहे। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
विपक्ष को खत्म करना चाहती है भाजपा- शिवपाल
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा विपक्ष को समाप्त करने की साजिश रच रही है। सत्ता के बल पर कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कराया जा रहा है। सरकार के विरुद्ध आवाज उठाने वाले नेताओं पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाता है। आप सांसद संजय सिंह इसके प्रमाण हैं।
पट्टी विधानसभा के सदहा में बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सदस्य विजय यादव के आवास पर मीडिया से बात करते हुए सपा नेता ने वर्तमान समय को अघोषित आपातकाल का दर्जा दिया। कहा कि नौ साल बेमिसाल का नारा देने वाली भाजपा सरकार के पास उपलब्धियों के नाम पर बताने को कुछ भी नहीं है। इंडिया गठबंधन से घबराए हुए भाजपा के नेता अब विपक्षी नेताओं के घर छापेमारी के साथ उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा रहे हैं।
भाजपा के शासनकाल में बिजली विभाग द्वारा छापामारी, एफआईआर ,जुर्माना तीनों एक साथ करते हुए किसानों व व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। भाजपा सरकार कुछ पूंजीपतियों को संतुष्ट करने में लगी हुई है। ग्रामीण युवा बेरोजगारी में भटक रहा है।
यूपी में 50 सीटें जीतेगा इंडिया गठबंधन
भाजपा के इन्हीं विफलताओं को लेकर सपा प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यकर्ता सम्मेलन कर भाजपा की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचा रही है। दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उनका गठबंधन प्रदेश में 50 सीट जीतेंगे।
उन्होंने देवरिया की घटना की चर्चा करते हुए कहा कि वहां पर दोनों परिवार पीड़ित हैं। ऐसे में दोनों परिवारों के प्रति हमारी संवेदना है। मुख्यमंत्री एक परिवार के घर जाकर गलत संदेश दिए हैं। आगे कहा कि सपा शासन काल में स्वीकृत मंडी का निर्माण पूरा नहीं हो सका। उन्होंने निर्मला राम अंजोर यादव फार्मेसी कॉलेज सदहा का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर जूबाए के पूर्व अध्यक्ष विनोद पांडेय, शिव बहादुर यादव, जुनैद प्रधान, केपी चौरसिया ,संतोष यादव, शेर बहादुर, पवन, अजय और रामबचन यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।