स्वच्छ भारत मिशन के तहत दो साल पहले धनराशि का भुगतान होने के बाद भी अभी तक शौचालयों का निर्माण नहीं होने पर सीडीओ ने एडीओ पंचायतों को फटकार लगाई और 31 मार्च तक निर्माण कराने का अंतिम मौका दिया है। गुरुवार की शाम विकास भवन में हुई बैठक में जिले भर के एडीओ पंचायतों को घर-घर जाकर शौचालयों की हकीकत खंगालने को कहा है।
विकास भवन में गुरुवार को सीडीओ डा. अमितपाल शर्मा ने जिले भर के बीडीओ और एडीओ पंचायतों की बैठक बुलाकर शौचालयों के निर्माण में हो रही लापरवाही पर नाराजगी प्रकट की। कुंडा, आसपुर देवसरा, गौरा, बाबागंज और बिहार विकास खंडों में शौचालय निर्माण में बरती गई लापरवाही पर चेताया कि जिन ग्राम पंचायतों को शौचालय निर्माण के लिए धनराशि प्रदान की गई है, उनमें अविलंब शत-प्रतिशत निर्माण होना चाहिए। उन्होंने एडीओ पंचायतों को घर-घर जाकर शौचालयों की हकीकत देखने को कहा है। उन्होंने सभी लाभार्थियों की सूची तैयार रखने के साथ ही मोबाइल नंबर भी अपडेट कर लें। बैठक में पीडी आरसी शर्मा, डीपीआरओ लालचंद्र गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
उप निदेशक पंचायतीराज जयदीप त्रिपाठी ने गुरुवार को एडीओ पंचायतों के साथ बैठक करके ग्राम पंचायतों में डंप 57 करोड़ रुपये का सदुपयोग 31 मार्च के पहले करने को कहा है। उन्होंने कहा कि जिस ग्राम पंचायत में अधिक धनराशि डंप है, उनमें विकास कार्य तेजी से कराए जाएं। लापरवाही बरतने वाले वीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की जाए।