बरछियां तीर भाले नहीं चाहिए... घर जलाकर उजाले नहीं चाहिए... देश मेरा सलामत रहे दोस्तों...मुझको मस्जिद शिवाले नहीं चाहिए...। वह मुझे अपना तरफदार समझ लेता है, मेरी खामोशी को इकरार समझ लेता है..। कौमी एकता को धार देने वाली साहित्यकार नागेंद्र अनुज की इन पंक्तियों पर पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। बुधवार देर रात तक कवियों ने जहां अपनी रचनाओं से देश प्रेम, कौमी एकता, देश की परंपराओं एवं पर्वों के महत्व पर प्रकाश डाला तो वहीं हास्य व्यंग्य से राजनीति की मौजूदा विसंगतियों पर चुटकी भी ली। अवसर था रानीगंज के बभनमई में बुधवार की रात राष्ट्रीय काव्य महोत्सव का।
काव्य महोत्सव का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक धीरज ओझा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद मां वीणापाणि की वंदना हुई। कवि सम्मेलन का आगाज हास्य कवि पद्मश्री डा. सुनील जोगी ने किया। एंटी रोमियो पर व्यंग करते हुए उन्होंने पढ़ा कि ..चाहत के समंदर में उतरने नहीं दूंगा, महबूब की गलियों से गुजरने नहीं दूंगा, एक रोमियो से योगीजी ने बात ये कही, जो मैंने न किया तुम्हे करने नहीं दूंगा..। राजस्थान की सपना सोनी ने पढ़ा..मुझे संसद में बिठा दे रे ओ सैंया दीवाने, तुम्हें पीए मैं बना लूं रे ओ सैंया दीवाने..। गीतकार डा. राजीव राज ने पढ़ा..उमरिया एक सड़क वीरान, कहां है मंजिल किसको ज्ञान। पवन आगरी, आशीष अनल के बाद हाशिम फिरोजाबादी ने महफिल में रवानी डाली।
उन्होंने देश प्रेम का संचार करते हुए सुनाया..जिनके हाथों से तिरंगा न संभाला जाए, ऐसे नेताओं को संसद से निकाला जाए..। संचालन मैनपुरी के सतीश मधुप ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीगंज के विधायक अभय कुमार धीरज ओझा ने कहा कि रानीगंज साहित्य व धर्म की उर्वरा धरती है। यह कवि डा. हरिवंश राय बच्चन की पैतृक भूमि है। गोस्वामी तुलसी दास की राजापुर जन्मस्थली प्रमाणित होने वाली है। अरसे से विकास को तरस रहे क्षेत्र की तस्वीर बदली जा रही है। बाराही महोत्सव को शुरू किया गया। दांदूपुर स्टेशन का नाम बदला जा रहा है। सड़कें, पुल, अस्पताल बन रहे हैं। इंजीनियरिंग कालेज बन रहा है। कहला का कायाकल्प हो रहा है। विधायक धीरज ओझा ने कहा कि क्षेत्र की जनता ही उनकी ताकत है।
उसके सम्मान पर आंच नहीं आने दी जाएगी। विकास कार्यों में गुणवत्ता का खास ध्यान है। किसी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योगी सरकार की मंशा है सबका साथ-सबका विकास। इसी पर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक धीरज ओझा ने समाजसेवी रोशन लाल ऊमरवैश्य, श्रीकिशोर अग्रवाल सहित समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वालों लोगों को सम्मानित किया। इस मौके पर विधायक सदर राजकुमार पाल, पूर्व विधायक हरिप्रताप सिंह, शिवप्रकाश मिश्र सेनानी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, अजय ओझा, नीरज ओझा, ओमप्रकाश पांडेय अनिरुद्ध रामानुजदास, मीडिया प्रभारी ललित तिवारी, परमा महाराज, दीपक, अंगद मौर्य मौजूद रहे।