डीआरएम के आदेश पर उत्तर रेलवे के एडीआरएम गुरुवार को मॉडल स्टेशन प्रतापगढ़ का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। चार घंटे के निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर जिम्मेदार अफसरों की जमकर क्लास लगाई। दूसरी बार आने पर कमियां दिखने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीआरएम सतीश कुमार के आदेश पर एडीआरएम अमित श्रीवास्तव स्पेशल ट्रेन से गुरुवार सुबह सवा ग्यारह बजे प्रतापगढ़ स्टेशन पहुंचे। इसकी खबर मिलते ही रेल अफसरों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। हर कोई परेशान हो गया। एडीआरएम ट्रेन से उतरने के बाद सेफ्टी की जांच करने के लिए जेल क्रासिंग की ओर बढ़ गए। उनके पीछे-पीछे स्टेशन मास्टर त्रिभुवन मिश्र, सीएमआई ओपी राव, लोको लॉबी इंचार्ज एमबी सिंह भी पहुंच गए।
सबसे पहले उन्होंने प्वाइंट देखा। जहां खामियां मिलीं, उसे दुरुस्त करवाने के लिए निर्देश दिया। पुराना मालगोदाम रोड पर बने अवैध क्रासिंग को बंद कराने को कहा। इसके बाद वह निरीक्षण करते हुए एक नंबर प्लेटफार्म पर पहुंचे। प्लेटफार्म पर रखे पार्सल को देख भड़क गए। उन्होंने जिम्मेदार अफसरों की जमकर क्लास लगाई।
तत्काल प्लेटफार्म से हटवाने के लिए कहा। साफ-सफाई का ठेका लेने वाली कार्यदायी संस्था द्वारा प्लेटफार्म पर स्टोररूम बनाने पर नाराजगी जताते हुए एडीईएन को फटकार लगाई। वाटर कूलर पंप खराब होने पर एडीईएन और इलेक्ट्रिशियन विभाग के अफसरों से नाराजगी जताई। लोको लॉबी में खराब पड़े एसी की मरम्मत कराने के लिए कहा। चार घंटे के निरीक्षण के बाद वह लौट गए।
सुपरवाइजर पर बिफरे, कहा-जेल भेजो
रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई का ठेका लेने वाली संस्था के सुपरवाइजर पर एडीआरएम भड़क गए।उन्होंने उससे ड्रेस और आईकार्ड मांगा तो वह नहीं दिखा पाया। इस पर एडीआरएम ने आरपीएफ को निर्देश दिया कि तत्काल इसका बगैर टिकट प्लेटफार्म पर घूमने के मामले में चालान किया जाए। हालांकि बाद में उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कहा, कमाई के फेर में नहीं चालू कराया जा रहा वाटर कूलरपंप
एक और दो नंबर प्लेट फार्म पर लगे वाटर कूलर पंप की भी एडीआरएम अमित श्रीवास्तव ने जांच की। शीतल पेयजल की जगह वाटर कूलर पंप खौलता हुआ पानी उगल रहा था। इस पर एडीएम भड़क गए।
उन्होंने कहा कि हमे सब पता है, वेंडरों से मिलकर बोतलबंद पानी बेचवाया जा रहा है। यदि वाटर कूलर पंप चालू रहे तो लोग पानी नहीं खरीदेंगे। यदि दो दिनों के अंदर पंप चालू नहीं किया गया तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।