जिले के प्राइमरी और मिडिल स्कूलों में इन दिनों परीक्षा हो रही है, लेकिन शिवगढ़ विकास खंड के प्राइमरी स्कूल तौकलपुर में सोमवार सुबह करीब सवा नौ बजे ताला लटकता मिला। इस पर पांच शिक्षिकाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वही अन्य मामले में दो शिक्षिकाओं को निलंबित किया गया है।
सोमवार को छमाही परीक्षा की हकीकत देखने निकले बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को स्कूल ही बंद मिले। करीब सवा नौ बजे शिवगढ़ विकास खंड के प्राइमरी स्कूल तौकलपुर पहुंचे तो बाहर ताला लटक रहा था,बच्चे खेल रहे थे। उन्होंने स्कूल में तैनात शहकशा परवीन, अर्चना सिंह सरोज की एक-एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकने का आदेश दिया है। मिडिल स्कूल तौकलपुर में एक शिक्षिका बच्चों की परीक्षा करा रही थी, जबकि अल्पना यादव, शानू अग्रवाल, नाजिया फारुकी स्कूल से गायब थीं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तीनों शिक्षिकाओं की वार्षिक वेतन वृद्धि पर रोक लगाने का आदेश दिया है। इधर गौरा विकास खंड के प्राइमरी स्कूल कनेवरा में तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापिका मीरा कुमारी के वर्ष 2016-17 में यूनीफार्म सप्लाई करने वाली इकाई को बकाया 25 प्रतिशत भुगतान नहीं करने पर निलंबित कर दिया गया है। मंगरौरा विकास खंड के मिडिल स्कूल मधुपुर में सहायक अध्यापिका प्रभा देवी के हेडमास्टर को चार्ज नहीं देने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का आदेश जारी किया है। बताया जाता है कार्रवाई में हड़कंप मच गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि आदेश के बावजूद शिक्षिका चार्ज नहीं दिया था।