सोमवार सुबह शृंगवेरपुरधाम स्थित गंगा घाट पर स्नान को आए एक युवक की मौत हो गई। इससे घाट पर हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि युवक मिर्गी रोग से ग्रस्त था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा है।
प्रतापगढ़ के हथिगवां थानांतर्गत टिकरा गांव निवासी शम्भू लाल यादव खेती किसानी करता है। उसके तीन बेटों में बड़ा राजकरन यादव (35) सोमवार सुबह शृंगवेरपुर स्थित गंगा घाट पर स्नान के लिए आया था। सुबह आठ बजे जैसे ही राजकरन यादव ने गंगा में डुबकी लगानी चाही वह गश खाकर पानी में ही गिर पड़ा। गंगा में युवक के डूबने की खबर घाट पर पहुंची तो सनसनी मच गई। हालांकि पानी का बहाव कम होने की वजह से जल्द ही लाश बरामद हो गई। थोड़ी ही देर में परिजनों के साथ नवाबगंज एसओ शिवमंगल सिंह फोर्स के साथ मौके पर आ गए। मृतक के घरवालों ने बताया कि राजकरन मिर्गी रोग से ग्रसित था। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया।