गेहूं की फसल में आग लगने के दौरान जुटी भीड़।
शनिवार को अन्नदाताओं के खून पसीने की कमाई को आग ने पल भर में स्वाहा कर दिया। अलग-अलग स्थानों पर लगी आग ने लगभग 35 बीघे से अधिक खेत की फसल को राख के ढेर में तब्दील कर दिया। आग पर काबू पाने में लोगों को मशक्कत का सामना करना पड़ा। कहीं बिजली के तारों से शार्ट सर्किट तो कहीं नशेड़ियों की करतूत से लोगों की फसलें राख हो गईं।
नगर कोतवाली के कादीपुर स्थित मुश्ताक, इसरार के खेत के ऊपर से बिजली का हाईटेंशन तार गुजरा है। शनिवार दोपहर अचानक उनके पांच बीघे गेहूं की फसल में आग लग गई। आग की लपटों के साथ आसमान में उड़ रहे धुए को देख आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी फायर ब्रिगेड को देने के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इस बीच दमकल कर्मी पहुंच गए। फायरब्रिगेड ने किसी तरह आग बुझाया। तब तक पूरे खेत की फसल जलकर राख हो गई थी। दूसरी ओर नगर कोतवाली के ही सराय बहेलिया गांव में ओम प्रकाश सिंह, आकाश, पारस सरोज, सुरसती, रामानंद सरोज, मुन्ना सिंह, धर्म बहादुर सिंह के खेत में आग लग गई। ग्रामीण आग बुझाने के लिए टूट पड़े। सूचना के बाद भी फायरब्रिगेड कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। किसी तरह लोगों ने आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक सभी के खेत में लहलहा रही फसले जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गईं थी। बताया गया कि खेत के पास ही महुए के पेड़ के नीचे बैठकर कुछ युवक नशे का सेवन कर रहे थे। उनकी करतूत से फसलों तक आग की चिंगारी पहुंच गई। लोगों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर पहुंचे नगर कोतवाल ने ऐसा करने वालों पर कार्रवाई के लिए चौकी प्रभारी को निर्देश दिया। रानीगंज थाना क्षेत्र के भैसौना गांव निवासी अमानत अली मुनव्वर अली, रामफकीरे , हरीलाल, दशरथ सिंह , जयकरन यादव, फूलचंद्र ,शकील अहमद निवासी सवैया की 10 बीघे से अधिक गेहूं की फसल आग की चपेट में आकर राख के ढेर में बदल गई। ग्रामीणों ने नहर में पंपिगसेट लगाकर एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था। आग से जलकर राख हो चुकी फसल देख अन्नदाता खून के आंसू रो रहे थे। बताते हैं कि महुआ बीनने के लिए कुछ लोगों ने सफाई करने के बाद पत्ती जला दिया था। जिससे आग की चिंगारी खेतों तक पहुंच गई। कंधई थाना क्षेत्र के जगदीशगढ़ निवासी तजम्मुल हुसैन, कलाम, आजाद, सायरा बेगम और रामसचिव तिवारी निवासी करनपुर खूझी के खेत की गेहूं की फसल में अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। गांव के लोगों ने किसी तरह आग बुझाया। इसके बाद भी आग ने 5 बीघा फसल जलाकर राख कर दिया।