कुंडा कोतवाली के शेखपुर चौराहे पर लूट का शिकार पीड़ित फाइनेन्श कम्पनी का एजेन्ट।
- फोटो : PRATAPGARH
रुपये की वसूली कर ब्रांच लौट रहे फाइनेंस कंपनी के एजेंट को नकाबपोश बाइक सवारों ने तमंचे के बल पर ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद उसका बैग छीनकर फरार हो गए। उसमें अस्सी हजार रुपये थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मिर्जापुर जनपद के नेवादा मड़वा गांव निवासी सुनील मौर्य पुत्र लक्ष्मीनारायण मौर्य लालगोपालगंज स्थित भारत फाइनेंस कंपनी में एजेंट है। वह बुधवार को कुंडा कस्बे में वसूली करने आया था। शाम को करीब सात बजे वह लालगोपालगंज लौट रहा था। कुंडा कोतवाली के शेखपुर आशिक एसबीआई बैंक के पास दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने उसकी बाइक को ओवरटेक करके रोक लिया।
इसके बाद उसे तमंचा सटाकर उसका बैग छीनकर भाग निकले। जब तक वह शोर मचाता वह लोग जा चुके थे। शोरशराबे पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सुनील का कहना था कि उसके बैग में 80 हजार रुपये थे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और उससे पूछताछ की। लूट की सूचना पर हथिगवां, महेशगंज और बाघराय में पुलिस ने चेकिंग लगा दी, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।