कुंडा के भक्तिधाम मनगढ़ में जगद्गुरु कृपालु स्मृति में बने मंदिर में हो रही सजावट।
- फोटो : PRATAPGARH
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को डिवाइडर न होने के चलते भक्तिधाम मनगढ़ आने वाले श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से जूझना पड़ सकता है। डिवाइडर के लिए काफी दिनों से मांग चलने के बावजूद प्रशासन के कान में जूं तक नहीं रेंगी।
मंदिर प्रबंधन को भी डिवाइडर बनवाने के लिए अनुमति दे रहा है। इससे हर साल की तरह इस बार भी जन्माष्टमी और गुरुपूर्णिमा पर भक्तिधाम मनगढ़ में श्रद्धालुओं को भारी दिक्तत का सामना करना पड़ेगा।
क्षेत्र के भक्तिधाम मनगढ़ में 23 को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसमें पिछले वर्ष आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार दो लाख लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। संख्या अधिक होने के चलते हर बार रोड पर जाम की स्थिति हो जाती है। भारी संख्या में मनगढ़ पहुंचने वाले वाहन आगे निकलने की होड़ में जाम लगा देते हैं। इसके चलते कुंडा से मनगढ़ और मनगढ़ से खनवारी तक डिवाइडर की आवश्यकता काफी दिन से महसूस की जा रही है।
पुलिस कुछ दूर के लिए अस्थाई डिवाइडर बनाती है लेकिन भारी भीड़ के आगे यह काफी कम होता है। जहां डिवाइडर खत्म होता है वहीं से जाम लगना शुरू हो जाता है। इसके चलते मंदिर प्रशासन ने कार्यक्रम के पूर्व ही जिलाधिकारी को पत्र देकर डिवाइडर बनाने और पैसा न होने के चलते निजी खर्चे पर डिवाइडर बनवाने की अनुमति मांगी थी।
इसके बाद भी अभी तक इस पर कोई जवाब नहीं आया। वैसे भी जिले में होने वाले अन्य कार्यक्रमों में प्रशासन बिजली, पानी, सडक़ और सुरक्षा की व्यवस्था करता है लेकिन यहां भारी भीड़ होने के बाद भी सुरक्षा के अलावा सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जाता है। इसका दर्द क्षेत्रीय लोगों को भी है। वह हर बाद जाम में फंसते हैं और शाम केा जाने के बाद आधी रात तक को भी वापस नहीं लौट पाते।