जिले में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 17 ब्लॉकों और दो टाउन एरिया में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 698 जोड़ों ने सात फेरे लिए। सामूहिक विवाह में शामिल सभी जोड़ों को उपहार देकर विदा किया गया। सदर विकास खंड का सामूहिक विवाह समारोह बड़नपुर मेला ग्राउंड में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में शामिल होकर सीडीओ ईशा प्रिया ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
शनिवार को जिले के संविलित विद्यालय परिसर आसपुर देवसरा, विकास खंड परिसर लक्ष्मणपुर, संडवाचंद्रिका, मानधाता, बिहार, बाबागंज, शिवगढ़, गौरा, कालाकांकर व लालगंज में कुल 698 जोड़े दांपत्य जीवन की डोर में बंध गए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में अनुसूचित जाति के 446, सामान्य वर्ग के 14, पिछड़ा वर्ग के 223 व अल्पसंख्यक वर्ग के 15 के जोड़ों का विवाह कराया गया। मुस्लिम जोड़ों का विवाह काजी ने संपन्न कराया।
बड़नपुर मेला ग्राउंड में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में शामिल होकर मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों का उत्साह बढ़ाया। कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब, असहाय एवं निर्धन व्यक्तियों की पुत्रियों के जीवन में खुशहाली लाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत दांपत्य जीवन में खुशहाली एवं गृहस्थी की स्थापना के लिए 35,000 की धनराशि कन्या के बैंक खाते में भेजी जाती है।
मुफ्त में शादी, 501 रुपये का नेग
सदर ब्लॉक के बड़नपुर में आयोजित सामूहिक विवाह में गरीब बेटियों के हाथ पीले करने के लिए पुरोहितों ने दूल्हों की जेब खाली करा ली। सिंदूरदान का नेग 501 रुपये लेने के साथ ही देवताओं के नाम पर रुपये चढ़वाकर अपनी जेब भरते रहे। मौजूद अधिकारी वाहवाही लूटते रहे, मगर उन्होंने इसका विरोध नहीं जताया। जबकि बीडीओ ने पुरोहितों को अलग से नेग दिलवाया।
खाने-पीने की रही अव्यवस्था
सदर और संडवाचं द्रिका ब्लॉक में खाने की व्यवस्था खराब रही। आलम यह रहा कि वर-वधू के साथ आए परिजनों को खाना ही नहीं मिला। बड़नपुर में खाना शुरू होते ही भीड़ टूट पड़ी। सीडीओ के हटते ही जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी किनारा काटकर चलते बने। इससे शादी करने आए दुल्हन और दूल्हा के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लक्ष्मणपुर ब्लाक में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में वैवाहिक जोडे को आशीर्वाद देते शिक्ष?- फोटो : PRATAPGARH
सदर ब्लाक के बड़नपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में शादी के बाद मंच पर जोड़े। संवाद- फोटो : PRATAPGARH