गरुड़ वाहिनी दस्ता संग सड़क पर उतरे एसपी
संदिग्ध लोगों की सघन तलाशी, शहर में मची भगदड़
10 बाइक पहुंची कोतवाली, चार लावारिश में दाखिल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। दीपवली पर्व को देखते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बुधवार को पुलिस अधीक्षक गरुड़ वाहिनी दस्ता संग सडक़ पर उतरे। संदिग्ध लोगों की सघन चेकिंग से शहर में भगदड़ मच गई। चेकिंग के दौरान 10 बाइकें कोतवाली लाई गईं। जिसमे से 4 बाइकों को लावारिश में दाखिल कर दिया गया। पुलिस कप्तान के सडक़ पर उतरने की खबर मिलते ही थानाध्यक्ष भी अपनी टीम के साथ इलाकाई बाजारों में भ्रमण करने लगे।
पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा की अगुवाई में बुधवार को कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिसकर्मी सडक़ पर उतरे। गरुड़ वाहिनी दस्ता पुलिस लाइन से निकला। चीता मोबाइल की बाइकों के अलावा दूसरी बाइकों पर पुलिसकर्मी सवार हुए। आगे-आगे पुलिस अधीक्षक ने बाइक की कमान संभाली। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी शिवाजी शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अवनीश मिश्रा भी हेलमेट लगाकर बाइक से निकले। दहिलामऊ होते हुए भुपियामऊ, आजाद नगर होकर सदर बाजार, अजीत नगर में चक्रमण करते रहे। भारी संख्या में बाइक पर सवार पुलिसकर्मियों को देख भगदड़ मची रही। पुलिस को देख सडक़ के किनारे व दुकानों पर जमघट लगाकर बैठे युवक भागने लगते। संदिग्ध लोगों की सघन तलाशी ली गई। यदि कोई बाइक का कागजात न दिखा सका तो उसे कोतवाली भेज दिया गया। शहर के चौक घंटाघर, पंजाबी मार्केट, भंगवा चुंगी होते हुए एसपी का काफिला वापस पुलिस लाइन लौट आया। गरुड़ वाहिनी दस्ते में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं। रास्ते में संदिग्ध लोगों की तलाशी लेने के साथ ही उन्हें हिदायत भी दी जा रही थी। एसपी के आदेश पर चार बाइकों को लावारिश में दाखिल कर दिया गया। अन्य के कागजात सही मिलने पर जुर्माना कर छोड़ दिया गया।
10 दिन बाद दर्ज हुआ दलितों के साथ हुई मारपीट का मुकदमा
प्रतापगढ़। घटना के दस दिन बाद दलितों को मारपीट कर तोडफ़ोड़ करने का मुकदमा दर्ज हुआ है। नगर कोतवाली के पूरे रायजू की रहने वाली गीता देवी का आरोप है कि 21 अक्तूबर को अजय प्रताप सिंह, रवि सिंह, पवन सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह, राकेश ङ्क्षसह और पवन सिंह पुत्र कृष्ण प्रताप सिंह ने उसके लडक़े को मारे पीटे। विरोध करने पर दलित बस्ती में घुस गए। मारपीट के दौरान कई लोगों को लहूलुहान कर दिया। घर में तोडफ़ोड़ की। जिससे गृहस्थी का नुकसान हुआ। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दूसरी ओर पूरे केशवराय में हुई मारपीट के मामले में पवन कुमार वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने राजू वर्मा, अनीता, रामपत्ती, सोनाली, अमन वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पिता-बेटी को लेकर हलाकान है पुलिस
प्रतापगढ़। रुपये के लिए बेटी बेचने वाले पिता व मासूम बच्ची को लेकर कोतवाली पुलिस हलाकान है। दो दिन से उसे कोतवाली में रखा गया है। वह कुछ बता नहीं पा रहा है। जिससे उसके परिवार के लोगों को बुलाया जा सके। नगर कोतवाली के एसएसआई ने बताया कि मासूम बेटी के साथ पिता को एसडीएम सदर के पास भेजा जा रहा है। वहां से जो तय होगा उसका अनुपालन कराया जाएगा।