गेहूं की बुवाई की तैयारियों में जुटे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। चना, मटर, सरसों के बीज के साथ ही अब उन्हें गेहूं के बीज पर भी 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। जिले के सभी राजकीय बीज भंडारों एवं पंजीकृत दुकानों से बीज उपलब्ध कराया जाएगा। सब्सिडी किसानों के खाते मेें भेजी जाएगी। जिले में 5900 क्विंटल गेहूं का बीज आने के बाद राजकीय बीज भंडारों पर स्टॉक पहुंचा दिया गया है।
जिले में रबी का दायरा एक लाख 54 हजार हेक्टेअर है। एक लाख हेक्टेयर के करीब गेहूं की फसल की बुवाई होती है। जबकि दलहन, तिलहन व आलू की खेती का दायरा लगभग 54 हजार हेक्टेअर है। महंगाई बढ़ने के कारण खेती-किसानी की लागत भी बढ़ गई है। डीजल के दाम बढ़ने से खेत की जुताई महंगी हो गई है। बीज के दाम भी आसमान पर हैं। गेहूं की बुवाई की तैयारियों में जुटे किसानों को राजकीय बीज भंडारों में गेहूं के बीज का स्टॉक आने का इंतजार था।
दरअसल, राजकीय बीज भंडार पर गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत की छूट मिलती है। बीज का इंतजार कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यालय स्थित बीज गोदाम पर 5900 क्विंटल गेहूं के बीज का स्टॉक आ गया है। किसानों को बीज में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। विभागीय अफसरों का कहना है कि जिले के सभी राजकीय बीज भंडारों एवं पंजीकृत दुकानों पर बीज उपलब्ध करा दिया गया है।
गेहूं के बीज पर किसानों को 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। किसानों को बीज लेते समय पूरा पैसा देना होगा। बाद में 50 प्रतिशत सब्सिडी सीधे किसानों के खाते में भेजी जाएगी। जिला कृषि अधिकारी डॉ. अश्वनी सिंह ने बताया कि जिले के सभी राजकीय बीज भंडारों पर बीज की उपलब्धता है। किसानों को 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
छूट के लिए ये दस्तावेज जरूरी
बीज की खरीदारी करते समय किसानों को आधारकार्ड, खतौनी व बैंक पासबुक ले जाना जरूरी है। इसी के आधार पर उन्हें बीज दिया जाएगा। जिससे बाद में सब्सिडी बैंक खाते में भेजी जा सकेगी।
बीज भंडारों पर उपलब्ध
बीज भंडारों पर इस बार चार प्रकार के बीज उपलब्ध हैं। जिसमें एचडी 2967, एचडी 3086, बीबीडब्ल्यू 17, पीबीडब्ल्यू 343 शामिल हैं।
weat