केंद्र सरकार की नीतियों से किसान-व्यापारी परेशान: अशोक गौतम
प्रतापगढ़। लालगंज इलाके के अमावा में गुरुवार को सपा- बसपा का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अशोक गौतम ने कहा बसपा व सपा का गठबंधन बहुत ही पवित्र है। यह समाजवादी चिंतक डा. राम मनोहर लोहिया एवं भारतीय संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर के विचारों का महासंगम है। यह राजनीति का नया इतिहास रचेगा। मंडल इंचार्ज अनिल गौतम ने कहा कि सफलता के लिए सभी को एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से आज किसान, व्यापारी सहित सभी वर्गों के लोग परेशान हैं। बसपा-सपा के संयुक्त प्रत्याशी अशोक त्रिपाठी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर अजय पासी, रामआसरे आर्या, डा. रामसमाज गौतम, जगदीश मौर्या, रमेश यादव, पप्पू मिश्रा आदि मौजूद रहे।
भागवत कथा 5 अप्रैल को
प्रतापगढ़। सर्वोदय सद्भावना संस्थान की बैठक रामानुज आश्रम में हुई। इस दौरान संस्थान के अध्यक्ष ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि नववर्ष के आगमन के अवसर पर 5 अप्रैल को शाम सात से दस बजे तक श्रीमद्भागवत कथा और विधि विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। बैठक में आचार्य आलोक ज्योतिषी, प्रदीप शुक्ल, संतोष तिवारी, देवेंद्र ओझा, कमलेश तिवारी, शिवाकांत मिश्र, रामपाल सिंह, राकेश सिंह, बद्री प्रसाद मिश्रा, गिरीशदत्त मिश्रा, आलोक सिंह, सत्यप्रकाश मिश्रा मौजूद रहे।
कन्या पूजन के साथ शुरू हुआ भंडारा
मानधाता। क्षेत्र के हिंदुपुर गांव में स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण एवं रुद्र चंडी महायज्ञ के समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ। कन्या पूजन संग जयकारे के बीच भंडारे की शुरुआत की गई। देर रात भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। कथा व्यास आचार्य कौशलेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भंडारे का महात्म्य बताया। इस अवसर पर जीएसटी कमिश्नर अवधेश सिंह, अतुल शास्त्री, संत प्रसाद पंाडेय, बब्बन सिंह, हरिशंकर सिंह, विनय सिंह, विपिन सरोज आदि मौजूद रहे।