मेडिकल कालेज में कोरोना से बेखौफ लोग मास्क न सोशल डिस्टेंसिंग भीड़ लगाये जुटे रहे। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज हो रही है। इससे दिनोंदिन संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की जांच में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह के बेटे मंगरौरा ब्लॉक प्रमुख राजीव प्रताप सिंह नंदन, कैबिनेट मंत्री के भाई, सीओ सिटी अभय पांडेय और 12 न्यायालय कर्मियों समेत 28 लोग संक्रमित मिले।
हालांकि राहत की बात यह है कि किसी को भी अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं पड़ी। सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिलाधिकारी ने संक्रमित मिलने वाले मरीजों के आवासों को हॉट स्पॉट बना दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला न्यायालय के कर्मचारियों का सैंपल लेकर जांच कराई। इस दौरान 12 कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले। इससे न्यायालय कर्मचारियों में खलबली मच गई। सीओ सिटी अभय पांडेय भी जांच में संक्रमित मिले। सीएमओ ने उनके संपर्क में आने वाले अन्य पुलिसकर्मियों का सैंपल लेने का निर्देश दिया है। उधर, शहर के दहिलामऊ के एक युवक, रानीगंज में बुजुर्ग समेत दो, संडवाचंद्रिका की एक 80 वर्षीय वृद्धा की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कोरोना संक्रमित मिले सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सीएमओ ने मरीजों के घर कोरोना किट पहुंचाने का निर्देश दिया है। उधर, जिलाधिकारी ने संक्रमित मिलने वाले मरीजों के आवासों के 25 मीटर की दूरी तक हॉट स्पॉट जोन बना दिया है।
संक्रमितों के दरवाजे तक बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। जरूरी सामानों को छोड़कर अन्य दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। जिले में अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 136 हो गई है। इनमें 108 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।