फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधान के भाई की गला दबाकर हत्या, शव बाइक में बांधकर नाले पर छोड़ा

विज्ञापन
फतनपुर थाने के बिच्छूर में नाले के समीप युवक का शव मिलने के बाद जुटी भीड़। - फोटो : PRATAPGARH
विज्ञापन
बीरापुर। फतनपुर थाना क्षेत्र के पूरे बिच्छूर में बुधवार की रात निवर्तमान प्रधान व बसपा नेता के भाई वीरेंद्र उर्फ राहुल यादव (25) की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया था। इसके बाद शव को बाइक में रस्सी व गमछे से बांधकर नाले के पास झाड़ियों के बीच छोड़ दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया। शव को कब्जे में लेने के दौरान पुलिस व ग्रामीणों के बीच धक्कामुक्की हुई। पांच घंटे तक पुलिस शव को कब्जे में नहीं ले सकी। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा के समझाने व डीएम से बात कराने के बाद परिजन शव देने के लिए राजी हुए। एसपी ने हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
विज्ञापन

फतनपुर थाना क्षेत्र के पूरे बिच्छूर निवासी वीरेंद्र यादव उर्फ राहुल पुत्र राम कुमार बुधवार की रात करीब आठ बजे गांव में ही पाल बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक लेकर निकला। कुछ देर बाद राहुल के बड़े भाई निवर्तमान प्रधान व बसपा के पूर्व रानीगंज विधानसभा अध्यक्ष जीतेंद्र यादव के पास पाल बस्ती से फोन आया। लोग राहुल को कार्यक्रम स्थल पर भेजने के लिए कह रहे थे। इस पर जीतेंद्र ने बताया कि वह पहले ही कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकला था। कार्यक्रम स्थल पर राहुल के न पहुंचने पर परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजन उसकी तलाश करने लगे, मगर पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सात बजे प्रधान के घर से करीब 500 मीटर दूर नाले के पास से निकले ग्रामीणों की नजर झाड़ियों के बीच बाइक से बंधी राहुल के शव पर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। रस्सी व गमछे से उसका शव बाइक से बांधा गया था। खबर मिलते ही परिजन रोते हुए मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन करने लगी। कुछ ही देर में कई थानों की फोर्स के साथ सीओ रानीगंज अतुल अंजान त्रिपाठी व एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। छानबीन के दौरान ही पुलिसकर्मी जबरन शव को कब्जे में लेकर वहां से जाने लगे। यह देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए। नारेबाजी करते हुए पुलिसकर्मियों को दौड़ाकर रोक लिया। पुलिस से धक्कामुक्की के बीच शव को कब्जे में लेकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर चले गए। परिजन मौके पर डीएम व एसपी को बुलाने की मांग करने लगे। कुछ देर बाद मानधाता, पट्टी थाने की फोर्स व पीएसी के साथ पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

इसके बाद भी परिजन डीएम को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े रहे। इस पर वहां मौजूद एसडीएम राहुल यादव ने प्रधान की डीएम से बात कराई। डीएम ने उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। तब जाकर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा ने बताया कि कुछ क्लू मिले हैं। तीन टीमें घटना का खुलासा करने के लिए लगाई गई हैं। हर पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की कर रहा था तैयारी
फतनपुर थाना क्षेत्र के पूरे बिच्छूर के प्रधान जीतेंद्र कुमार यादव चार भाई हैं। वीरेंद्र सबसे छोटा था। वह प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। लाकडाउन के दौरान वह घर आया था। इन दिनों बादशाहपुर में कोचिंग कर रहा था।
एसपी का पैर पकड़कर बोला पिता, हमें भी मार डालो साहब
फतनपुर थाना क्षेत्र के पूरे बिच्छूर के प्रधान जीतेंद्र कुमार यादव के भाई राहुल यादव की हत्या के बाद भारी फोर्स के साथ अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस जबरन शव को कब्जे में लेने की कोशिश करने लगी। यह देख बदहवास पिता रामकुमार पुलिसकर्मियों से कहता रहा कि उसे भी मार डालें। ऐसी जिंदगी से क्या फायदा। मृतक राहुल के भाई व मां भी रोते हुए बेसुध हो जा रही थी। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा का रामकुमार ने पैर पकड़ लिया। बोला, साहब हमें भी मार डालो। जवान बेटे को लोगों ने मार डाला और वह कुछ न कर सका। उसे पुलिसकर्मियों ने उठाया। एसपी ने भरोसा दिलाया कि धैर्य रखें, जल्द ही हत्या करने वाले सलाखों के पीछे होंगे।
मिला मोबाइल, आखिर किसका आया था फोन
पूरे बिच्छूर की पाल बस्ती में पांच दिनों पहले सरस्वती प्रतिमा की स्थापना हुई थी। जहां रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे थे। राहुल शाम को पाल बस्ती गया था। वहां कार्यक्रम शुरू होने में विलंब था। जिस वजह से वह घर आ गया। प्रधान जीतेंद्र के अनुसार उसके पास किसी का फोन आया। बात करने के बाद वह घर से निकल गया। सभी ने सोचा कि वह पाल बस्ती में कार्यक्रम स्थल पर जा रहा है। छानबीन के दौरान बाइक के करीब उसका मोबाइल मिला। अब पुलिस मोबाइल की काल डिटेल निकलवा रही है।
सरसों के खेत में हुई हत्या, बाइक पैदल लेकर नाले पर पहुंचे हत्यारे
पूरे बिच्छूर में राहुल यादव की बाइक पर शव बंधा देख हर कोई हैरत में पड़ गया। उसके गले पर दबाव का निशान था। ग्रामीणों के अनुसार राहुल की हत्या सरसों के खेत में की गई। उसके कपड़ों पर सरसों के फूल लगे थे। वह हत्यारों से भिड़ा भी था। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त मिले। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक पैदल लाकर नाले पर छोड़ने की चर्चा भी होती रही। पुलिस अधीक्षक नाले तक पहुंचने वाले रास्ते की छानबीन कराने के साथ ही बाइक को बारीकी से देखते रहे। मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य संकलित किया।
चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा
मृतक राहुल यादव के परिवार की ओर से जिलाधिकारी को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। जिसमें घटना का शीघ्र खुलासा करने, सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस दिलाने, परिवार को तुरंत सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराने के साथ ही बीस लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की मांग शामिल है।
रंजिश व प्रेम प्रसंग के बीच हत्या का राज तलाश रही पुलिस
प्रतापगढ़। फतनपुर के पूरे बिच्छूर के प्रधान व बसपा नेता के भाई वीरेंद्र यादव उर्फ राहुल के हत्यारों की तलाश में पुलिस सभी बिंदुओं पर गहराई से छानबीन कर रही है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस रंजिश व प्रेम प्रसंग को ही घटना की वजह मानते हुए सुराग तलाश रही है। प्रधान के भाई की हत्या की खबर मिलने के बाद पूरे बिच्छूर से पूरे केशवराय तक कोहराम मचा रहा। राजनैतिक दलों के नेताओं का जमघट लगा रहा।
पूरे बिच्छूर निवासी वीरेंद्र यादव उर्फ राहुल बुधवार की रात किसी का फोन आने के बाद बाइक व हेलमेट लेकर घर से निकला था। बृहस्पतिवार की सुबह उसका शव घर से 500 मीटर दूर नाले पर बाइक में बंधा मिला। इसकी जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। बवाल की आशंका को देखते हुए पुलिस अफसर अतिरिक्त फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। इस बीच वहां कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्र, पूर्व विधायक रामशिरोमणि शुक्ल व ब्लाक प्रमुख शिवगढ़ प्रतिनिधि विनोद दुबे भी पहुंच गए। करीब 11 बजे शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम घर में बसपा जिलाध्यक्ष लालचंद्र गौतम, विजय मिश्र बाबी, राम समाज गौतम, सुशील गौतम, पूर्णांशू ओझा, इरशाद सिद्दीकी, वासिक खान, सद्दाम समेत तमाम नेता व कार्यकर्ता डटे हुए थे। हर कोई परिवार के लोगों के साथ खड़ा नजर आया।

फतनपुर थाने के बिच्छूर गांव में युवक की हत्या के बाद मौके पर पहुंचे जांच करते एसपी शिवहरी मीणा।- फोटो : PRATAPGARH

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें