पशु तस्करी और पश्चिम बंगाल व बिहार के सीवान में मांस सप्लाई करने वाले पशु तस्करों का गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसमें एक 15 हजार का इनामी पशु तस्कर भी शामिल है। जिसकी पुलिस को काफी दिनों से तलाश थी। पुलिस ने 20 गोवंश के साथ तीन चार पहिया वाहन और उपकरण बरामद किए हैं। जबकि अंधेरे में पशु तस्करों की मदद करने वाले सात वाहनों से भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि बुधवार की रात आसपुर देवसरा के खटखटहवा पुल से दस चार पहिया वाहनों से पशु तस्करों द्वारा गोवंश लादकर निकलने की जानकारी हुई। जिसके बाद देवसरा व पट्टी पुलिस को धरपकड़ का निर्देश दिया गया। पुल के करीब पिकअप, सफारी समेत पशु तस्करों के वाहनों को रोका गया तो वे लोग फायर करते हुए भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने दो पिकअप, एक लोडर और एक बाइक को रोक लिया। जबकि सात वाहन भाग निकले।
इन गाड़ियों से 15 हजार रुपये का वांछित इनामी गैंगस्टर नवाब अली निवासी बहरौली लंभुआ जनपद सुलतानपुर भी हत्थे चढ़ गया। पकड़े गए नवाब अली व मोहम्मद रउफ के पास से दो तमंचा व कारतूस बरामद किए गए। वाहनों से बीस गोवंश और उपकरण बरामद हुए। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि उनका 110 लोगों का संगठित गिरोह है।
योजनाबद्ध तरीके से गोवंशों का वध कर मांस बेचने व गोवंशों की तस्करी कर उन्हें गोवध के लिए बिहार के सीवान और पश्चिम बंगाल भेजते हैं। जिससे उनकी मोटी कमाई होती है। पुलिस से बचने के लिए कुछ वाहन आगे चलते हैं। जिनमें बाइक का भी प्रयोग किया जाता है। भागने वाले साथियों के पास असलहे भी थे। पुलिस की मौजूदगी की खबर मिलने पर तीन सितंबर की रात कोपा गांव में प्रतिबंधित पशु का मांस फेंक दिया गया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आईजी प्रयागराज परिक्षेत्र ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम दिया है।
इनको भेजा गया जेल
पशु तस्करी के कारोबार में संलिप्त सेराज उर्फ बब्बू, नवाब अली उर्फ झक्कड़, नौशाद उर्फ पप्पू निवासी बहरौली थाना लंभुआ जनपद सुल्तानपुर, मोहम्मद रऊफ निवासी सिंगरामऊ जनपद जौनपुर, इरसाद निवासी मल्लूपुर थाना सिंगरामऊ, लाल बहादुर, ड्राइवर, जीतू , रबीश, बुलंदे निवासी रमगढ़ा, मुमताज, असलम , अनवर निवासी बहरीपुर सिंगरामऊ, रिजवान निवासी सोनावां चांदा, मोहर अली निवासी भाटीखुर्द देवसरा, इसहाक निवासी केवटली और अकील निवासी गोबरहा थाना खुटहन जौनपुर को मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया।