बिजली के तारों के नीचे से हटाई जाए होलिका
होलिका की सुरक्षा के लिए एसपी ने सुनाया फरमान
सड़क की भी सुरक्षा का रखें ध्यान, 11 स्थान चिह्नित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। होलिका के पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक ने मातहतों को फरमान सुनाया है। ऐसे स्थलों से होलिका दूर करने के लिए निर्देश मिला है जहां समस्या पैदा होने की आशंका दिख रही है। नगर कोतवाली क्षेत्र के 11 स्थानों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
होली के पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए आला अधिकारियों ने खुफिया एजेंसी को अलर्ट कर रखा है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट के बाद कुछ स्थानों पर समय से पहले होलिका में आग लगने की आशंका जताई गई। कुछ दिनों पहले रानीगंज में ऐसी घटना हो चुकी है। जिसे लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। शहर के सिनेमा रोड, सिद्धार्थ होटल के सामने, बलीपुर समेत 11 स्थान ऐसे हैं जहां की होलिका को खतरा बना हुआ है। जिस स्थान पर होलिका लगाई जा रही है उसी के ऊपर से बिजली का तार गुजरा है। यदि तेज हवाओं के चलने से बिजली के तार टूटे या चिंगारी निकलती है तो होलिका में आग लग सकती है। जिसे लेकर तनाव के हालात पैदा हो सकते हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने जनपद के ऐसे स्थानों से होलिका को सुरक्षित कराने के लिए मोहल्ले के लोगों से मिलकर प्रयास करने का आदेश दिया है। ताकि किसी भी अप्रिय वारदात से बचा जा सका। जिन स्थानों पर होलिका सडक़ पर रखी गई है उससे सड़क बर्बाद होने के साथ ही दुर्घटना के भी आसार बने हुए हैं। अधिकारियों के आदेश के बाद पुलिसकर्मी ऐसी होलिका को सुरक्षित करने के लिए पसीना बहाते नजर आए।
इनसेट-----
हल्का सिपाही रखेंगे होलिका दहन पर नजर
जिले में 8955 स्थानों पर होलिका दहन होगी। इसके लिए हल्का सिपाहियों के साथ ही लेखपाल व सेक्रेटरी को नजर रखने का आदेश दिया गया है। होमगार्ड व सिपाही ऐसे स्थलों पर नजर रखेंगे। होलिका दहन के बाद ही वे वहां से हटेंगे।
होली के पहले डंप हो रही शराब
शराब तस्करों का काकश तोड़ने में नाकाम हैं जिम्मेदार
मिलावटी शराब से जा सकती है लोगों की जान
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जनपद में होली के पहले अवैध शराब बड़े पैमाने पर डंप की जा रही है। शराब तस्करों पर कार्रवाई करने में आबकारी विभाग व पुलिस प्रशासन अक्षम दिख रहा है। मिलावटी शराब पीने से लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है। इसके अलावा हिंसा की भी प्रबल आशंका रहती है। आला अधिकारियों के आदेश के बाद भी थानेदार व आबकारी विभाग के लोग अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। भले ही कुछ स्थानों पर अवैध शराब पकड़ी जा चुकी है लेकिन अभी दूसरे प्रदेशों की शराब की बिक्री जमकर हो रही है।
होली के एक दिन पहले ही देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानें बंद हो जाती हैं। जिसके चलते होली के दिन लोगों को मदिरा नहीं मिलती। ऐसे में होली के पर्व पर अवैध शराब जमकर बेची जाती है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों में लाइसेंसी दुकानें बंद रहती हैं। भले ही वे चोरी चुपके दुकानें खोलकर बेचते हैं। इस दिन का शराब तस्करों को इंतजार रहता है। सूत्रों की मानें तो इसके लिए अवैध शराब पूरे जनपद में डंप की जा चुकी है। होली के एक दिन पहले से ही वे अवैध शराब बेचने के लिए अपने लोगों का सहारा लेंगे। अंतू, महेशगंज, संग्रामगढ़, जेठवारा, रानीगंज, सांगीपुर, मानधाता व फतनपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करों ने अपना जाल फैला रखा है। वे मोटी कमाई करने के लिए अपने गुर्गों की डिमांड पर रात व भोर में अवैध शराब सप्लाई कर रहे हैं। भले ही पुलिस अधीक्षक एस आनंद वाहन चेकिंग के जरिए अवैध शराब बरामद करने के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन चेकिंग में अब तक कोई खास सफलता नहीं मिली है। मिलावटी व कच्ची शराब से लोगों की जान पर संकट के बादल मंडराते रहते हैं। इससे अफसर भी खासे चिंतित हैं। थानेदारों को अवैध शराब डंप करने वाले लोगों की खोजबीन कर कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं। एसपी एस आनंद ने बताया कि अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी थानेदारों को निर्देश दिया गया है। होली के पर्व पर यदि कोई अप्रिय घटना हुई तो थानेदार को जिम्मेदार माना जाएगा।