मामूली विवाद में शातिर बदमाश ने साथियों के साथ एक युवक पर फायर झोंक दिया। शिकायत पर आरोपी को दबोचने के बजाए कोतवाली पुलिस उल्टे पीड़ित के घर ही रातभर दबिश देती रही। जबकि आरोपी बदमाश पर गैंगेस्टर, हत्या के प्रयास व लूट जैसे कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की इस करतूत से ग्रामीणों में आक्रोश पनप उठा है। सीओ ने मामले की जांच कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई करने की बात कही है।
लालगंज कोतवाली के सलेम भदारी के राकेश कुमार की रविवार की शाम पड़ोसी गांव नेवाजी पूरे वंशी के रहने वाले बदमाश अजीत कुमार गौतम उर्फ पिंकल से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। अजीत गैंगस्टर का आरोपी हैे और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी समेत आधा दर्जन मुकदमें पंजीकृत हैं। कहासुनी होने के कुछ देर बाद बदमाश अपने साथियों के साथ दोबारा आया और राकेश पर तमंचे से फायर झोंक दिया।
किसी तरह वह जान बचाकर भागा तो बदमाशों ने जमकर हवाई फायरिंग की। जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश जा चुके थे। इसके बाद पुलिस कोतवाली लौट गई। रात होते-होते पुलिस व बदमाश के बीच कुछ ऐसी डील हुई कि पीड़ित केे परिजनों पर ही पुलिस का कहर टूट पड़ा। बदमाश की मदद में पुलिस खुलकर सामने आ गई। कोतवाल गजानंद चौबे ने फोर्स के साथ पीड़ित की तलाश में ही आधी रात के बाद उसके घर पर दो बार दबिश दी।
परिजनों के साथ अभद्रता करते हुए घर में खड़ी बाइक भी पुलिस कोतवाली उठा लाई। परिजन गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन पुलिस का तांडव जारी रहा। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।
पुलिस ने बदमाश की मदद की है तो यह बहुत गलत है। मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रमेशचंद्र, क्षेत्राधिकारी, लालगंज।