अंतू थाने के बाबूगंज में चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
सपा नेता के घर में छत के रास्ते घुसे चोर 15 लाख के जेवरात व नकदी उठा ले गए। घटना की जानकारी होने पर इलाके में सनसनी फैल गई। चोरी की वारदात से इलाके के लोग खौफजदा हैं। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस छानबीन कर लौट गई। तहरीर मिलने पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर पंचायत अंतू के बाबूगंज निवासी लालबहादुर यादव सपा नेता हैं। वह ठेकेदारी भी करते हैं। मंगलवार की रात वह परिवार के साथ सो रहे थे। रात में छत के सहारे चोर घर में घुस गए। चोर कमरे का ताला तोड़कर आलमारी व बाक्स में रखी सात लाख नकदी नगद आठ लाख रुपये के आभूषण चुराकर फरार हो गए। बुधवार भोर में लाल बहादुर की मां उठी तो कमरे का दरवाजा खुला देख दंग रह गई। उसके शोर मचाने पर परिवार के लोग आ गए। लोगों ने देखा तो रुपये व आभूषण गायब थे।
शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। सूचना मिलने पर अंतू पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद पुलिस लौट गई। बता दें कि सोमवार की रात भी बाबूगंज बाजार में बबलू मिश्र की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर 40 हजार रुपये चुरा ले गए थे। नगर पंचायत में दो दिनों के भीतर चोरी की दो वारदातों से हर कोई भयभीत है।