स्कूली बच्चों से भरा टेंपो बाइक से टकराया, 17 घायल
एक बच्चे की बिगड़ी हालत, जिला अस्पताल रेफर
जनपदीय रैली से प्रतिभाग कर लौट रहे थे बच्चे, लौली गांव के पास हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कोहड़ौर । जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता से लौट रहे स्कूली बच्चों से भरा टेंपो बाइक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। इससे प्राइमरी स्कूलों के 14 बच्चे, एक युवक और दो किशोरियां घायल हो गईं। घायल बच्चों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रुप से घायल अंशुमान (13) को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। घटना की जानकारी गांव में पहुंचते ही अभिभावक दौड़ पड़े। हालांकि आनन-फानन में बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के स्टेडियम में तीन दिवसीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करके मंगरौरा विकास खंड के बच्चे गुरुवार को घर लौट रहे थे। टेंपो लौली पोस्ताखाम में पिपरी मोड़ पर अचानक आए बाइक सवार ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। इससे मंगरौरा विकास खंड के प्राइमरी स्कूल कालू का पुरवा के बच्चे हिमांशु यादव (10), अच्छे वर्मा (11), धीरज वर्मा (10), साहिल (10), पूर्व माध्यमिक स्कूल कांधरपुर की रिमझिम (13), सुशील वर्मा (12), सुभाष वर्मा (14), गुलशन (13), आयुष (13), शिवम (12), अंशुमान (13), प्राइमरी स्कूल चंदौका के धर्मेंद्र कुमार (10), वीर प्रताप सिंह (09) घालय हो गए। गंभीर रूप से घायल अंशुमान को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर बाइक पर सवार पिपरी निवासी सूरज वर्मा (21), खुशबू (17), अर्चना (16) भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी को स्थानीय चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। जहां इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल अंशुमान का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। इधर, घटना की जानकारी गांव तक पहुंचते ही हड़कंप मच गया। अभिभावक घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हालांकि बच्चों को हल्की चोट लगने पर इलाज के बाद घर भेज दिया गया।