बिलसंडा। गांव भूड़ा नगरिया निवासी देवीदीन ने अपनी पुत्रवधू और उसके मायके वालों पर पुत्र को जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने की रिपोर्ट कोर्ट के आदेश से दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में देवीदीन ने कहा है कि उनके पुत्र मनोज की शादी साढ़े चार साल पहले शाहजहांपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव लक्ष्मणनगर निवासी शीलू के साथ की। शादी के बाद से ही शीलू पुत्र को पसंद नहीं करती थी। आए दिन दोनों के बीच झगड़ा होता था। इस पर कुछ लोगों ने दोनों की सुलह करा दी थी। 30 सितंबर 2021 को फिर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इस पर शीलू ने अपने माता-पिता को बुला लिया। तीन लोगों ने मिलकर मनोज के साथ झगड़ा किया। किसी तरह शांत कराया गया। आरोप है कि देर शाम उन लोगों ने मनोज को शराब में विषैला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सर्वेश, पूनम और शीलू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।