पीलीभीत के थाना गजरौला क्षेत्र के गांव मूड़ा सेमनगर उर्फ पंडरी में मंगलवार तड़के विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पति ने बताया कि पत्नी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। उसने आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
गांव मूड़ा सेमनगर उर्फ पंडरी निवासी पुष्पा देवी (35 वर्ष) का सोमवार रात किसी बात को लेकर अपने पति सूरजपाल से विवाद हो गया था। इसके बाद खाना खाकर पति-पत्नी बच्चों संग सो गए। सूरजपाल ने बताया कि तड़के करीब चार बजे वह जागा तो पत्नी को घर में कुंडे से लटका देखा। उसने तुरंत उसे उतारकर चारपाई पर लिटा दिया और मायकेवालों व पुलिस को सूचना दी।
कुछ ही देर में गांव में घटना की खबर फैल गई। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतका के तीन बेटे हैं। पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। थाना प्रभारी बृजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।