कुत्ते के हमले से घायल हुए बच्चे को एंटी रैबीज टीका लगाती कर्मचारी। संवाद
पीलीभीत। जिले में लगातार बदलते मौसम व बढ़ते तापमान ने फिर आवारा कुत्तों को आक्रमक बना दिया है। गांव-गांव, गली-मुहल्लों में घूम रहे आवारा कुत्ते पहले से चिड़चिड़े होने के साथ लोगों पर आक्रमक हो रहे हैं। इसका असर जिला अस्पताल में देखने को मिला है।
अप्रैल माह की शुरूआत से बदल रहे मौसम व बढ़ते तापमान ने एक बार फिर आवारा कुत्तों का व्यवहार परिवर्तन किया है। जिससे कुत्ते राह चलते लोगो पर आक्रमक होकर उन पर हमला कर दे रहे है। बीते सप्ताह से जिला अस्पताल में डॉग बाइट के मामलों में 50 गुना इजाफा देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन औसतन 120 मरीज एंटी रैबीज लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बच्चों व बुजुर्गों की संख्या अधिक है। नगर के उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीके गौतम ने बताया कि गर्मी में कुत्ते ज्यादा आक्रमक हो जाते हैं। कुत्तों के काटने को गंभीरता से लेना चाहिए। पैर पर काटने पर खून को बहने देना चाहिए व तेज पानी से धोना चाहिए। बिना देरी करते एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगवाने चाहिए। उन्होंने बताया कि कुत्ते का काटा जितना सिर के पास होगा उतना ही खतरनाक होगा, इसलिए समय रहते देरी नही करना चाहिए।
000
एक सप्ताह में जिला अस्पताल पहुंचे डॉग बाइट के केस दिनांकवार
14 अप्रैल - 60 (आधा अवकाश)
13 अप्रैल - 154
11 अप्रैल - 108
10 अप्रैल - 94
09 अप्रैल - 90
08 अप्रैल - 84
07 अप्रैल - 118
000
अब बारह घंटे जिला अस्पताल में मिलेगी टीकाकरण सुविधा
जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से बढ़ते डॉग बाइट व अन्य जानवरों के केस को लेकर जिला अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन का समय बढ़ा दिया गया है। अब जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से लेकर शाम आठ बजे तक एंटी रैबीज इंजेक्शन की सुविधा मिल सकेगी।