बीसलपुर। तहसील क्षेत्र के गांव राजूपुर कुंडरी में शुक्रवार को देर रात कुछ लोगों ने देवहा नदी से निकलकर आए मगरमच्छ को पीट-पीटकर मार डाला। मामला छिपाने के मकसद से मगरमच्छ का शव नदी में फेंक दिया। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टीम ने पांच में से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
रेंजर वजीर हसन ने बताया कि शुक्रवार को देर रात देवहा नदी से एक मगरमच्छ निकलकर नदी के बिल्कुल पास स्थित गांव राजूपुर में पहुंच गया था। मगरमच्छ के पहुंचते ही गांव में दहशत फैल गई। मौके पर काफी लोग जमा हो गए। आरोप है कि पांच लोगों ने मगरमच्छ को लाठी डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। उसके बाद इन लोगों ने मामला छुपाने के मकसद से मगरमच्छ का शव नदी में फेंक दिया। शनिवार को सुबह किसी ग्रामीण ने रेंज कार्यालय में फोन से इस मामले की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही रेंजर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की जांच पड़ताल की और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। टीम ने नदी से मगरमच्छ का शव बरामद कर आईवीआरआई बरेली में पोस्टमार्टम को भेज दिया। रेंजर ने बताया कि जांच पड़ताल में पता चला कि पांच ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पीट- पीटकर मार डाला। पांचों के नाम पता चल गए हैं। उनमें से एक को हिरासत में लेकर बाकी चार लोगों की तलाश की जा रही है। रेंजर ने बताया कि विभागीय उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है। रेंजर ने यह भी बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही विभागीय मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।