गजरौला। टाइगर रिजर्व की माला रेंज से सटे गांवों में बाघों की चहल कदमी लगातार बनी हुई है । थाना क्षेत्र के गांव महुआ के आसपास अब कई पशु बाघ का शिकार हो चुके हैं। अब बाघ ने गाय और बछड़े को निवाला बना डाला।
क्षेत्र के महुआ के समीप ही शुक्रवार रात बाघ ने एक गाय और एक बछड़े पर हमलाकर मार डाला। ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार देर शाम महेंद्र पाल के गेहूं के खेत में छुट्टा बछड़ा चर रहा था। इसी दौरान बाघ ने बछड़े पर हमला कर दिया और उसे किसान कृपाल के खेत में खींच ले गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बाहर खेत में किसान रामभजन के घर के बाहर बैठी छुट्टा गाय को बाघ ने मार डाला। ग्रामीणों के मुताबिक बाघ छुट्टा गाय को 50 मीटर खींचते हुए रूपलाल के खेत में ले गया। शनिवार सुबह जब रामभजन गन्ने की खेत की गुड़ाई करने पहुंचे तो दोनों पशुओं के शवों को देखकर वह तत्काल गांव वापस आ गए। जानकारी होते ही सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। घटना की सूचना माला रेंज रेंजर रामजी को दी गई। रेंजर के निर्देश पर वन दरोगा मोहम्मद आरिफ टीम सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने पैरों के निशान ट्रेस किए। ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।