तराई में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। पीलीभीत जिले में अब तक लगातार आसमान साफ रहने के कारण सुबह से ही अच्छी धूप खिलती रही। रविवार को सुबह से बादल उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। इससे वातावरण में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। वहीं आने वाले तीन दिन तक हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 26 से 28 नवंबर तक बादल उमड़ते रहेंगे। इस दौरान बारिश भी होने की संभावना है। अगले तीन दिन हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद शीतलहर का प्रकोप और बढ़ेगा। रविवार से लेकर मंगलवार तक हल्की बारिश और 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस कारण से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट होगी।
ये भी पढ़ें- Uttarkashi Tunnel: सुरंग में फंसे मंजीत का फोटो देख रो पड़ती हैं मां, एसडीएम से बोलीं- मेरा बेटा कब आएगा साहब
शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया तथा अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया । बुधवार से फिर मौसम सामान्य होने की संभावना जताई जा रही है। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया आसमान में बादल आने लगे हैं। आज से तीन दिन तक हल्की बारिश की संभावना है। इससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी।