पीलीभीत। जिले में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण(एसआईआर) के काम ने तेजी पकड़ी है। अधिकांश बीएलओ का 90 फीसदी से अधिक काम पूरा होने के बाद भी कुछ मतदाताओं की वजह से अधूरा है। गणना प्रपत्र लेकर गए इन मतदाताओं को बीएलओ तलाश रहे हैं। फॉर्म जमा हो तो बीएलओ का काम भी शत-प्रतिशत हो जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से संबंधित कार्यक्रमों की तिथियों को संशोधित किया है। इसमें फार्म भरने की अंतिम तिथि 11 दिसंबर, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 16, दावा/आपत्ति की अवधि 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक, दावा/आपत्तियों का निस्तारण 16 दिसंब से सात फरवरी 2026 तक व मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 14 फरवरी 2026 को किया गया है। वहीं, समय से डिजिटलाइजेशन का कार्य पूरा हो इसको लेकर डीपीआरओ रोहित भारती ने जिले के सभी एडीओ पंचायत को पत्र जारी किया है। इसमें कहा कि जिन मतदेय स्थलों पर कार्य शेष रह गया है। इसमें सभी एडीओ पंचायत अलग से कर्मचारियों को लगाकर गणना प्रपत्रों को एकत्रीकरण कराए जाने का कार्य पूरा करें।
अब तक फार्म जमा करने नहीं आए 20 मतदाता
गजरौला। ग्राम पंचायत गजरौला में भाग संख्या-115 के बीएलओ कुलदीप ने बताया कि उनके पास 1147 वोटर थे। इनमें 800 का कार्य पूर्ण कर दिया गया है। 150 मृतक, गैर हाजिर तथा शिफ्टेड थे। जिन्हें हटाया गया है। बाकी बचे हुए परिवारों को ढूंढा जा रहा है, लेकिन वह मिल नहीं रहे हैं। इस वजह से परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि 20 लोग ऐसे हैं जो फॉर्म लेकर चले गए। मगर वापस जमा करने नहीं आए हैं। उनको भी ढूंढा जा रहा है। बूथ संख्या 117 की बीएलओ सुषमा रानी ने कार्य पूर्ण कर लिया है। इनके पास कुल वोटर 1145 थे। इसमें मृतक और दूसरी जगह बस जाने वाले 150 मतदाता थे। उन्हें हटाया गया है। संवाद
अंतिम दौर में बढ़ीं बीएलओ की मुश्किलें
बरखेड़ा। एसआईआर के अंतिम दौर में बीएलओ को मतदाताओं को ढूंढने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 93 प्रतिशत काम पूर्ण हो गया है। बीएलओ पदमावती ने बताया कि उन्हें 1235 मतदाता फाॅर्म मिले थे। इसमें 785 फार्मों को जमा करा दिया गया। अब बचे हुए मतदाताओं का पता लगाना काफी मुश्किल हो रहा हैं। कई-कई बार संपर्क करने पर भी मतदाता फॉर्म लेकर नहीं आ रहे हैं। संवाद