बाजार में फूलों के पौधे बेचते व्यापारी। संवाद
पीलीभीत। शहर में साप्ताहिक बंदी के दिन यानी मंगलवार को लगने वाला पौधा बाजार फूलों की महक से गुलजार है। मौसम में बदलाव के साथ ही फूलों के पौधों की मांग भी बढ़ी है। ठंड में धूप में बैठने वाले लोग घरोंं की छत व बगीचों की फुलवारी सजा रहे हैं। स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर लगे बाजार में लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
साप्ताहिक बंदी के दिन आसपास के नर्सरी का काम करने वाले व्यापारी शहर की बाजार की बंद दुकानों के आगे रंग-बिरंगे फूलों के छोटे पौधे रखकर बिक्री के लिए दुकान लगाते हैं। इसमें फल, फूल और सजावटी पौधे होते हैं। पेड़-पौधाें के शौकीन भी इस दिन का इंतजार करते हैं। गर्मी के दिनों में तो यह व्यापार इतना नहीं चलता। जैसे ही ठंड शुरू होती है पौधों की खरीदारी भी बढ़ जाती है। ठंड के दिनों में फूलों की देखभाल भी अच्छे से हो पाती है। मंगलवार को भी बाजार में 10 से अधिक व्यापारियों ने दुकानें लगाई। खरीदारों की भीड़ जुटी। इसमें विशेषकर गेंदे, गुलाब, रजनीगंधा, गुलेद, कनेर, गुलदाऊदी, तुलसी, नारंगी आदि के फूलों के पौधे खरीदे गए। दुकानदारों ने बताया कि इस समय फूलों के पौधों की मांग अधिक है।
इतने रुपयों में बिक रहे पौधे
पौधा कीमत
गेंदा- 20
बड़ा गेंदा - 40
तुलसी का पौधा- 35
एलोवेरा - 50
लाल गुलाब - 60
मोगरा - 80
गुलेद - 150
शो प्लांट - 200