पीलीभीत। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी पुलकित खरे ने मॉडल स्कूल प्राथमिक विद्यालय जंगरोली के बूथ संख्या 177 व 178 व रूपपुर कमालू का बूथ संख्या 274 व 275 का औचक निरीक्षण किया। जंगरोली में लेखपाल अनुपस्थित मिला। डीएम ने एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोई भी युवा मतदाता बूथ पर मतदाता सूची में जोड़ने से न छूटे। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के जांच की गई। अभिलेखों के सुधारने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए । उपस्थित ग्राम प्रधान कमलेश कुमार को भी महिला व नए मतदाताओं की वोट बढ़वाने में बीएलओ का पूर्ण सहयोग करने के निर्देश दिए। जंगरौली बूथ निरीक्षण के दौरान संबंधित लेखपाल अनुपस्थिति पाए जाने पर असंतोष व्यक्त करते हुए चेतावनी जारी करने के निर्देश डीएम ने उप जिलाधिकारी सदर को दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 13, 21 व 27 नवंबर को भी विशेष अभियान संचालित किया जाएगा इसके अंतर्गत नए युवा व महिला मतदाताओं को जोड़ने व मतदाता सूची ने किसी प्रकार की त्रुटि को संशोधित करने का कार्य किया जाएगा। जनपद के समस्त बूथों पर यह अभियान संचालित किया गया, सभी उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार अपने-अपने एरिया में भ्रमणशील रहकर कार्यों को अपने निर्देशन में सम्पन्न कराया गया।
एसडीएम को निरीक्षण में गैरहाजिर मिला बीएलओ
पूरनपुर एसडीएम रामस्वरूप ने रविवार को मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में गांव कढेरचौरा के एक मतदान केंद्र पर बीएलओ गैरहाजिर मिला। बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू की गई है।
रविवार को विशेष अभियान में बीएलओ को अपने मतदेय स्थल पर रहकर मतदाताओं को मतदाता सूची पढ़कर सुनाने, निर्धारित आयु पूरी कर चुके लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने को फॉर्म छह, सात, आठ भरवाने के आदेश थे। एसडीएम रामस्वरूप ने बताया कि रविवार को मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। गांव कढेरचौरा के मतदेय स्थल 268 पर एक बीएलओ गैरहाजिर मिला। बीएलओ किस विभाग का कर्मचारी है कि जानकारी कराई जा रही है। ताकि उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जा सके।
वोटराें के नाम सूची में शामिल करने के निर्देश
कलीनगर के एसडीएम ऋषि कांत राजवंशी ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत मत्थना जप्ती, दयालपुर और सुखदासपुर स्थित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। बीएलओ द्वारा नए वोटर बनाने के साथ त्रुटि सुधार संबंधी आवेदन लिए गए। एसडीएम ऋषि कांत राजवंशी ने बताया कि बीएलओ को निर्वाचन आयोग की मंशानुसार पात्र वोटरों के नाम को सूची में शामिल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
बिलसंडा नए मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने व पुराने मतदाता की आपत्तियों व दावों के अनुरूप संशोधन के लिए 30 नवंबर तक विशेष पुनरीक्षण अभियान चलेगा। करेली के सरकारी स्कूल में तैनात बीएलओ भगवान दास ने बताया कि मतदाता सूची में नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, पहचान पत्र में गलतियां दूर करने, मृत मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य किया जाएगा। नए वोटर के नाम 5 जनवरी 2022 को प्रकाशित की जाने वाली मतदाता सूची में आएंगे।