पूरनपुर। कोरोना को लेकर फिर सतर्कता बढ़ा दी गई है। विदेश से क्षेत्र में लौटने वाले लोगों की सैंपलिंग कराई जाएगी और सात दिन तक होम आईसोलेट किया जाएगा। वहीं निगरानी के लिए सीएचसी में कंट्रोल रूम खोला गया है।
कोविड को लेकर फिर सतर्कता बढ़ने लगी है। देश में ओमिक्रॉन के मामले मिलने पर स्वास्थ्य विभाग के अफसर सतर्क हैं। हालांकि यह बात दीगर है कि क्षेत्र में विदेशों से आए 23 लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार को भी नहीं खोज सकीं। इससे उन लोगों की न तो जांच हो पाई और न ही उनको होम आइसोलेट किया गया।
सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम सिंह राजपूत ने बताया कि कोविड को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। सीएचसी में बुधवार को कंट्रोल रूम खोला गया है। कंट्रोल रूम से बाहर से आने वाले लोगों की निगरानी की जाएगी। बाहर कहां से आने और कब आने का डाटा एकत्र करने के साथ उनकी जांच कराई जाएगी और सात दिन तक होम आइसोलेट किया जाएगा। कंट्रोल रूम से सात दिन तक उनके स्वास्थ्य की जानकारी कंट्रोल रूम से की जाएगी।