पीलीभीत। जिला अस्पताल में सोमवार को लगभग 1800 मरीजों की ओपीडी रही। सर्वाधिक मरीज वायरल फीवर के देखे गए। सुबह आठ बजे से ही परामर्श पर्चा बनवाने के लिए मरीजों की कतार लग गई। इससे अव्यवस्थाएं फैल गईं। महिला मरीजों के बीच पर्चा बनवाने के लिए हंगामा भी हुआ। हालांकि कुछ देर बाद सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को समझाया।
तापमान में उतार-चढ़ाव से लगातार जिले में वायरल फीवर के मरीज बढ़ रहे हैं। इनमें ज्यादातर बुखार के साथ खासी-जुकाम, सर व बदन दर्द की समस्या देखी जा रही है। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से ही मरीज तीमारदार पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतारों में लग गए। भीड़ अधिक होने के चलते धक्कामुक्की भी देखी गई।
ओपीडी संख्या छह में चिकित्सक डॉ. विनीत बंसल व जीके अनेजा ने 450 से अधिक मरीजों को परामर्श दिया व मरीजों की खून की जांचे भी लिखी गईं। दवाएं लेने के लिए भी काउंटर पर अव्यवस्थाएं हावी रहीं। सहायक कर्मचारी मौजूद नहीं होने के चलते जल्दी दवा लेने में धक्का-मुक्की भी रही।
इधर, महिला पर्चा काउंटर पर कुछ महिलाएं आपस में पहले पर्चा बनवाने के लिए आपस में हंगामा करते हुए नजर आईं। सुरक्षा कर्मियों की ओर से महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। संवाद