पीलीभीत। ईंधन के दामों में हुए इजाफे से इस माह जिले के बिजली उपभोक्ताओं को दो करोड़ रुपये अधिक बिल चुकाना होगा। विभाग की ओर से आने वाले बिल में करीब दस प्रतिशत का अधिक सरचार्ज लगाया जाएगा। इससे दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं की जेब पर इसका अतिरिक्त भार पड़ेगा।
बिजली विभाग की ओर से फ्यूल एंड पावर पर्चेज एडजेस्टिमेंट सरचार्ज लिया जाता है। विभागीय अफसरों की मानें तो मार्च माह में हुई समीक्षा की दौरान इसमें करीब दस प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में हुए इजाफा के बाद बिजली कीमतों में भी इजाफा हुआ है।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, हर माह करीब 18 से 20 करोड़ का बिल वसूला जाता है। सरचार्ज बढ़ने से यह बिल 20 से 22 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। इसको लेकर उपभोक्ताओं में बेचैनी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली बिल की कीमतों में हुए इजाफे से उनका बजट भी गड़बड़ा जाएगा। संवाद