बीसलपुर। सड़क हादसे की सूचना देने के बाद भी एंबुलेंस नहीं आई तो ग्रामीण भड़क गए और जाम लगा दिया। एंबुलेंस आ जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म कर दिया। कोतवाली क्षेत्र के गांव गुलेन्दा निवासी प्रमोद कुमार रविवार को देरशाम अपने गांव में शाहजहांपुर रोड को पैदल पार कर रहा था। इसी बीच बीसलपुर से शाहजहांपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर होने के बाद चालक बाइक लेकर शाहजहांपुर की ओर भाग गया। मौके पर काफी भीड़ लग गई।
ग्रामीणों द्वारा सूचना देने के बाद भी जब काफी देर तक एंबुलेंस नहीं आई तो ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के विरोध में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने बेसिक विद्यालय के सामने रोड पर जाम लगा दिया। आधा घंटे तक लगे जाम में रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। सूचना के करीब एक घंटे बाद जब एंबुलेंस आई तो ग्रामीणों ने घायल को सीएचसी के लिए रवाना कर दिया। ग्रामीणों की चालक से देर से आने को लेकर कॉफी नोकझोंक भी हुई। उसके बाद उसके बाद ग्रामीणों ने जाम खत्म कर दिया।