पीलीभीत। भाजपा सांसद वरुण गांधी ने बुधवार को अपने ट्वीट के माध्यम से छोटे दुकानदारों, व्यापारियों और घरेलू उत्पादकों से जुड़ने का प्रयास किया। महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी छेड़े। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों के बजाए अपने पड़ोस के छोटे दुकानदारों से खरीदारी करके उनका साथ दीजिए।
उन्होंने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार और आर्थिक नीतिगत अव्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में छोटे उत्पादक और दुकानदार अपना काम धंधा बंद करने पर मजबूर हो गए। ऐसी स्थिति में ऑनलाइन कंपनियों के बजाए अपने पड़ोस के छोटे दुकानदारों से खरीदारी करें। देश मजबूत बनेगा क्योंकि जब वैश्विक आर्थिक मंदी का दौर था तब इन छोटे दुकानदारों और उत्पादकों ने देश की अर्थव्यवस्था को संभाला था। बताते चलें कि इससे पहले सांसद वरुण गांधी ने किसानों और युवाओं के दर्द से जुड़ने का प्रयास किया था। वह लगातार किसानों के मुद्दों पर ट्वीट करते रहे हैं। इसी महीने उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे को छेड़ते हुए दो बार खाली पड़े पदों पर भर्ती न होने का मुद्दा उठाया था। युवाओं के दर्द से भी जुड़ने की कोशिश की थी। किसानों और युवाओं के दर्द को अपने ट्वीट के माध्यम से छूने के बाद अब सांसद वरुण गांधी ने आम दुकानदारों के दर्द को उठाया है।