थाना प्रभारी ने एसपी से मांगा अतिरिक्त फोर्स
दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग रहेगी पार्किंग
प्रसिद्ध सूफी संत सैय्यद सेल्हा मियां रहमतुल्लाह अलैह के 55वें उर्स की तैयारियां को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उर्स के दौरान जायरीन और वाहनों की तादाद को देखते हुए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं थाना प्रभारी ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने को पीएसी समेत अतिरिक्त फोर्स की मांग की है।
टाइगर रिजर्व की बराही रेंज से सटे सेल्हा गांव में सैय्यद सेल्हा मियां के उर्स का आगाज 25 मार्च से कुरानख्वानी के साथ होगा। इस अनूठी दरगाह पर बड़ी तादाद में देश भर के जायरीन तो पहुंचते ही हैं, खास बात यह है कि यहां जायरीन मुर्गे की बलि देने के बाद उसको पकाकर दरगाह शरीफ पर जाकर उसकी फातिहा दिलाते हैं। संरक्षक हाजी अरशद अली के मुताबिक इस बार यहां करीब एक लाख जायरीन पहुंचनेे की संभावना है।
मेला कमेटी ने मुर्गे काटने का दिया ठेका
मेले के दौरान बड़ी तादाद में मुर्गों की बलि दी जाती है, जिसके चलते मुर्गे बेचने वालों ने भी अपनी दुकानें लगाना शुरू कर दी हैं। मेला कमेटी द्वारा मुर्गा काटने का ठेका दिया जा चुका है, जो प्रति मुर्गा बीस रुपये जायरीन से वसूलेंगे। ठेकेदार ने अलग अलग स्थानों पर मुर्गा काटने की व्यवस्था की है।
बंजारा समुदाय बढ़ाता है मेले की रौनक
सेल्हा मियां की दरगाह बंजारा समुदाय के आस्था का एक बड़ा केंद्र है। यहां हर साल प्रदेश भर के कई जनपदों के बंजारा समुदाय के लोग परिवार सहित कई दिन पहले से ही यहां पहुंचने लगते हैं और कुलशरीफ के बाद ही यहां से रवाना होते हैं।
सुरक्षा को मांगा अतिरिक्त फोर्स
थानाप्रभारी विवेक त्रिवेदी ने मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को एसपी को पत्र भेजकर अतिरिक्त फोर्स की मांग की है। इसमें एक प्लाटून पीएसी, फायर ब्रिगेड, उपनिरीक्षक, महिला कांस्टेबिल व ट्रेफिक पुलिस मांगा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि 25 मार्च से अस्थाई थाना भी मेलास्थल पर स्थापित किया जाएगा।
ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने को उठाए कदम
मेला कमेटी के प्रबंधक अब्दुल हफीज खां ने बताया कि मेले में जाम की स्थिति से दो चार होना पड़े, इसको लेकर दोपहिया, चौपहिया वाहनों के अलावा बसों आदि को लेकर अलग अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि चौपहिया वाहनों समेत बसों आदि के लिए शारदा डैम मार्ग के किनारे पार्किंग की व्यवस्था की गई है।