माधोटांडा। थाना क्षेत्र के ग्राम रमपुरा फकीरे में झाड़-फूंक और भूत-प्रेत उतारने के नाम पर धर्मांतरण कराए जाने के आरोपों ने शनिवार को पूरे इलाके में हलचल पैदा कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गांव पहुंच गए और विरोध जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। वहीं, कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पकड़े गए लोग लखीमपुर खीरी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया है।
गांव में पिछले कुछ समय से कुछ लोग झाड़-फूंक, टोटके और उपचार के नाम पर लोगों के संपर्क में थे। आरोप है कि इसी माध्यम से ग्रामीणों को प्रभावित कर उनका धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता सक्रिय हुए और पूरे मामले की जानकारी जुटाने के बाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय बजरंग दल की ओर से माधोटांडा थाने में दी गई शिकायत में लखीमपुर खीरी निवासी कई लोगों के नाम दर्ज कराए गए हैं। संगठन का आरोप है कि संबंधित लोग धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों को अपने प्रभाव में लेने का प्रयास कर रहे थे। तहरीर में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना की सूचना फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगों और संगठन के कार्यकर्ताओं में मामले को लेकर काफी आक्रोश देखने को मिला। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को जुटाने में लग गई।