पीलीभीत। फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) बनाए जाने के लिए पूर्व में दिए गए लक्ष्य को अभी तक विभागीय अफसर पूरा नहीं कर सके हैं। वहीं, शासन की ओर से शेष दो अन्य विधानसभाओं में इसके निर्माण के लिए लक्ष्य भेज दिया है। ऐसे में शासन की ओर से दिया गया लक्ष्य विभागीय अफसरों के लिए चुनौती बन गया है।
जिले के दो स्थानों पर फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) का निर्माण कराया जाना था। इसको लेकर शासन स्तर से करीब एक साल पूर्व पंचायती राज विभाग को इसका लक्ष्य दिया गया। इसके बाद विभागीय अफसरों की ओर से इसको लेकर कवायद शुरू कर दी गई। ऐसे में एफएसटीपी बनाए जाने के लिए पूरनपुर क्षेत्र में विभाग को जमीन मिल गई, लेकिन अभी तक इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। वहीं एक अन्य स्थान पर बनाए जाने के लिए विभाग को अब तक जगह ही नहीं मिल सकी। वित्तीय 2026-27 के लिए शासन की ओर से दोबारा से लक्ष्य जारी कर दिया गया है। इसमें जिले की चारों विधानसभाओं में इसका निर्माण कार्य कराया जाना है। ऐसे में जगह न मिलना भी विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।
समीक्षा के दौरान लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी की ओर से भी जारी हुए पत्र
-एफएसटीपी प्लांट को लेकर विभागीय स्तर से लगातार समीक्षा भी की जा रही है। ऐसे में निर्माण कार्य पूरा न होने पर जिलाधिकारी ने भी इस पर नाराजगी जताई थी। साथ ही लापरवाही मिलने पर संबंधित एसडीएम, बीडीओ को जिलाधिकारी स्तर से पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद विभागीय अफसरों की ओर से पत्राचार किया, लेकिन इसके बाद भी इसको लेकर जगह उपलब्ध नहीं कराई जा सकी।
वर्जन:
एफएसटीपी प्लांट बनाए जाने के लिए शासन से दोबारा से लक्ष्य मिल गया है। जिले की चारों विधानसभाओं में इसका निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर संबंधित अफसरों को लगातार पत्राचार किया जा रहा है। जिससे जल्द इनका निर्माण कार्य पूरा कराया जा सके।- रोहित भारती, डीपीआरओ।