बरखेड़ा। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे चाचा–भतीजे की स्कूटी तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। हादसे में चाचा की मौत हो गई। जबकि, भतीजे की हालत गंभीर है। हादसा सोमवार की रात करीब 10 बजे नवाबगंज–बरखेड़ा मार्ग पर गाजीपुर कुंडा के रपटा पुल के पास हुआ।
हादसे में घायल भतीजा गांव धर्मपुर थाना रिठौरा बरेली निवासी अमित ने बताया कि वह अपने चाचा अखिलेश यादव (40) पुत्र अंगन लाल के साथ स्कूटी से शादी समारोह में शामिल होने रूपपुर पीलीभीत जा रहे थे। स्कूटी चाचा चला रहे थे। नवाबगंज–बरखेड़ा मार्ग पर गांव गाजीपुर कुंडा रपटा पुल के पास तेज रफ्तार कार ओवरटेक करते समय उनकी स्कूटी से टकरा गई।
हादसे में अखिलेश गंभीर घायल हो गए। जबकि, अमित उछलकर दूर गिर गए। घायलों को सीएचसी बरखेड़ा लाया गया। जहां चिकित्सक ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। भतीजे अमित का इलाज किया गया। परिजनों ने बताया कि अखिलेश अविवाहित था। वह अपने बड़े भाई श्रीपाल के साथ ही रहकर मजदूरी करता था। अखिलेश की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।