गजरौला। नशे की हालत में घर में घुसे दो युवकों को परिजनों ने पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में रस्सी से बंधे दो युवक चारपाई पर बैठे नजर आ रहे हैं।
वीडियो गजरौला क्षेत्र के शिवनगर का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार देर शाम दो युवक नशे की हालत में एक ग्रामीण के घर में घुस गए और चोरी की कोशिश की। खटपट सुनकर घर में मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ लिया।
दोनों को रस्सी से बांधकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। जरा चौकी इंचार्ज अंकित कुमार ने बताया है कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया। नशे में दो युवक दरवाजे के सामने गाली-गलौज कर रहे थे। जिन्हें थाने लाकर नियमानुसार कार्रवाई की गई। संवाद