जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी पर मौजूद भीड़। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। बरेली रोड पर जहानाबाद थाना क्षेत्र में जैतीपुर के पास ओवरटेक करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गजरौला के गांव कल्याणपुर नौगवां निवासी अमन (21) और बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव त्यार जहांगीर निवासी सूरजपाल (25) की मौत हो गई। सूरजपाल चौकीदार थे। अमन निजी क्षेत्र में काम करते थे। दोनों बृहस्पतिवार रात आठ बजे नवाबगंज से पीलीभीत आ रहे थे। रास्ते में हादसा हुआ। रिश्ते में दोनों साढ़ू थे।
थाना गजरौला के गांव कल्याणपुर नौगवां निवासी प्यारेलाल ने बताया कि उनका पुत्र 21 वर्षीय अमन अपनी पत्नी शांति देवी और पोते अवियांश के साथ मंगलवार को बरेली के थाना नवाबगंज के गांव त्यार जहांगीर निवासी अपने साढ़ू सूरजपाल की बीमार पत्नी सोमा को देखने गया था। अमन के साढ़ू बरेली के थाना नवाबगंज में चौकीदार थे। दोनों बाइक से किसी काम से बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे पीलीभीत आ रहे थे। इसी दौरान जैतीपुर गांव के पास बरेली रोड पर अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। दुर्घटना के दौरान बाइक अमन चला रहे थे। बताया जा रहा है कि अमन ने हेलमेट नहीं पहना था।
सगी बहनों की मांग से एक साथ सिंदूर मिटा
अमर और सूरजपाल की शादी न्यूरिया क्षेत्र के गांव सड़िया मुगलपुर में सगी बहनों से हुई थी। बरेली रोड पर हुए हादसे में दोनों की एक साथ मौत से परिवारों में चीख पुकार मच गई। वहीं दो सगी बहनों की मांग का सिंदूर एक साथ उजड़ गया।
एकलौता बेटा था सूरजपाल
गांव त्यार जहांगीर निवासी सूरजपाल अपने माता-पिता का एकलौता पुत्र था। परिवार में पत्नी सोमा देवी के अलावा पुत्र कपिल, वैभव और पुत्री अनु हैं। सूरजपाल की पत्नी पहले से ही बीमार चल रही हैं। उन्हीं को देखने ही अमन पत्नी के साथ गए थे।