पीलीभीत। बरेली हाईवे पर शनिवार शाम पांच बजे एसएसबी कार्यालय के पास गन्ना भरा ट्रक असंतुलित होकर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली पर पलट गया। इनमें एक की मौत हो गई। दो घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मशक्कत के बाद पुलिस ने खुलवाया।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी नंदराम का 27 वर्षीय पुत्र परमवीर, गांव के ही रमेश कुमार और हरी सिंह शहर स्थित एक मिल से ट्रॉली में राख भरकर गांव की ओर बरेली हाईवे से जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे ललौरीखेड़ा से पहले एसएसबी कार्यालय के निकट सामने से गन्ना भरा ट्रक आ रहा था। इसी दौरान ट्रक का चालक संतुलन खो बैठा। इससे गन्ना भरा ट्रक टैक्टर ट्रॉली के ऊपर पलट गया। इससे ट्रैक्टर सवार तीनों ट्रक और गन्ने से दब गए। ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना देख एसएसबी जवान तत्काल राहत कार्य में जुट गए। जहानाबाद सीओ लल्लन सिंह भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। क्रेन बुलाकर ट्रक का सीधा कराया गया। तीनों ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। जहां परमवीर को डाक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया। जबकि रमेश और हरी सिंह का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते जेसीबी को मंगवाकर गन्ना हटवाया गया। हालांकि और कोई गन्ने के नीचे नहीं निकला।
एसएसबी जवानों की बहादुरी से दो की बची जान
जिस स्थान पर दुर्घटना हुई। उसके पास ही एसएसबी के जवान मौजूद थे। दुर्घटना देख जवान तत्काल राहत कार्य में जुट गए। अगर तुरंत बचाव कार्य शुरू नहीं किया जाता। तो रमेश और हरी सिंह के साथ भी अनहोनी हो सकती थी। एसएसबी जवान दोनों के लिए किसी फरिश्ता बनकर आए थे।