कलीनगर। अचानक मौसम बदलने से शुरू हुई बारिश से किसानों के चेेहरों पर मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है। किसानों का कहना कि बारिश होने से गेहूं की फसल को फायदा पहुंचा है, लेकिन सरसों की फसल को नुकसान पहुंच रहा है।
कलीनगर तहसील क्षेत्र कृषि बहुल्य है। इस समय किसानों ने अधिकांश क्षेत्रफल में गेहूं की फसल बोई हुई है। इसके अलावा कुछ किसानों ने सरसों की फसल भी लगा रखी है। किसान मिजाजुद्दीन व शब्बू ने बताया कि नवंबर में गेहूं की फसल लगाई थी। वर्तमान में गेहूं की फसल के लिए बारिश काफी लाभकारी है। ऐसे में दो दिन पूर्व से हो रही बारिश से गेहूं की पैदावार कर रहे किसानों के चेहरे खिल गए हैं। बारिश के बाद किसान अब दवा लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं सरसों की फसल लगाने वाले किसान बारिश से नुकसान की बात कह रहे हैं। किसान गुरजीत का कहना है कि तेज बारिश से सरसों की फसल में फूल गिरने से नुकसान होगा। हालांकि अब तक ज्यादा तेज बारिश नहीं हुई है, लेकिन जिस हिसाब से मौसम विभाग बता रहा है और ओलावृष्टि की आशंका जताई जा रही है उससे सरसों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।