ईदगाह रेलवे क्रासिंग पर कासन के साथ पुलिस फोर्स की निगरानी में निकली गई ट्रेनें। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। ईदगाह रेलवे क्रासिंग से नमाज को लेकर सुबह चार घंटे तक प्रशासन के पत्र पर रेलवे की ओर से कॉशन लगाया गया था। इस दौरान एक एक्सप्रेस समेत तीन पैसेंजर ट्रेनें 100 की बजाय सिर्फ दस की स्पीड से निकाली गईं। ट्रेनों के गुजरने के दौरान बड़ी संख्या में फोर्स को तैनात किया गया था।
शहर के ईदगाह में सुबह साढ़े नौ बजे ईद-उल अजहा की नमाज अदा की गई। इस दौरान चार ट्रेनें गुजरती हैं। जिला प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर रेलवे से स्पीड कम करने के लिए पत्र दिया था। रेलवे की ओर से सुबह आठ बजे से 12 बजे तक चार घंटे का ईदगाह रेलवे क्रासिंग पर कॉशन लगा दिया। इससे ट्रेनों की स्पीड पर ब्रेक लग गया और 100 की स्पीड से दौडने वाली सिर्फ 10 की स्पीड से ट्रेनें पास कराई गई।
ट्रेनों के आवागमन के दौरान क्रासिंग पर नमाजियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में फोर्स को भी तैनात किया गया। कॉशन के दौरान बरेली से पीलीभीत को आने वाली 05321 ट्रेन सुबह 8:35 बजे, बरेली से पीलीभीत 0561 ट्रेन 9:30 बजे, टनकपुर से चोपन को जाने वाली 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस 9:55 बजे, पीलीभीत से बरेली के जाने वाली 0540 ट्रेन 10:10 बजे ईदगाह रेलवे क्रासिंग से दस की स्पीड से पास की गईं। स्टेशन अधीक्षक धमेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासन से आए पत्र के आधार पर चार घंटे के लिए ईदगाह रेलवे क्रासिंग पर कासन लगाया गया था। कॉशन के दौरान गुजरने वाली ट्रेनों की स्पीड दस रखी गई थी।