पीटीआर में बाघों का खूबसूरत नजारा। स्रोत सोशल मीडिया
कलीनगर। रविवार की छुट्टी पर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में सैलानियों की भीड़ उमड़ी। जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघ के दीदार होने से उनका रोमांच और बढ़ गया। सुबह से ही बराही, महोफ और मुस्तफाबाद बुकिंग काउंटरों पर पंजीकरण के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
गर्मी की छुट्टी नजदीक आने से पूर्व ही पीटीआर में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों के अलावा बरेली, लखीमपुर, शाहजहांपुर और हल्द्वानी समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। रविवार को करीब 400 से अधिक पर्यटकों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। सबसे अधिक भीड़ मुस्तफाबाद गेस्टहाउस क्षेत्र में देखने को मिली। सुबह की अपेक्षा शाम की शिफ्ट में अधिक पर्यटक जंगल भ्रमण के लिए पहुंचे। सफारी के दौरान कई पर्यटकों को बाघ दिखाई दिए, एक स्थान पर शावक के साथ बाघिन का खूबसूरत नजारा देख देख सैलानी रोमांचित हुए। संवाद