पीलीभीत। दो दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल टूरिस्ट गाइड की उपचार के दौरान बुधवार को मौत हो गई। परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौत की सूचना मिलने पर मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पर साथी गाइडों ने शोक जताया।
तहसील क्षेत्र के गांव पिपरिया संतोष निवासी 35 वर्षीय शिवकुमार पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बतौर टूरिस्ट गाइड कार्यरत था। दो दिन पूर्व वह अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर न्यूरिया हुसैनपुर स्थित ससुराल गया था। वापस लौटते समय अज्ञात वाहन से टक्कर होने से गंभीर घायल हो गया था। जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालात गंभीर होने पर परिवार वाले निजी अस्पताल ले गए। वहां बुधवार को इलाज के दौरान शिवकुमार की मौत हो गई। परिवार की की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।