पीलीभीत/माधोटांडा। बराही जंगल से सटे इलाकेे में टूरिज्म स्पॉट अर्थ होम विकसित किया गया है। इको फ्रेंडली इस टूरिज्म स्पॉट में सैलानियों के रात्रि विश्राम के लिए हटें और डारमेट्री की सुविधा है। कैंटीन में सैलानी स्थानीय पारंपरिक भोजन का स्वाद भी ले सकते हैं। इसे होम स्टे योजना के तहत विकसित किया गया है।
प्रकृति की गोद में बसे पीलीभीत की अपनी अलग पहचान है। यहां के जंगल देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लोकप्रिय हैं। पर्यटन के लिहाज से यहां अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे योजना की शुरूआत की गई है। वर्तमान में यहां टाइगर रिजर्व में इको टूरिज्म स्पॉट चूका बीच ही है। हालांकि इस पर अब एनटीसीए की तलवार लटक रही है, जिसके चलते जंगल से सटे एरिया में होम स्टे योजना केे तहत बनाए जा रहे प्रोजेक्टों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
तीन एकड़ में बना है अर्थ होम
पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बराही रेंज से सटे एरिया में करीब तीन एकड़ क्षेत्र में बना अर्थ होम पूरी तरह से इको फ्रेंडली है। इसके अलावा माधोटांडा क्षेत्र में ही दो चूका विलेज कैंप के नाम से पर्यटकों के ठहरने के लिए स्थल हैं।
जंगल थीम पर बना अर्थ होम
आईआईटीटीएम नोएडा से टूरिज्म एंड ट्रेवलिंग मैनेजमेंट की डिग्री हासिल करने वाली दिव्या शाह ने अर्थ होम विकसित किया है। वही इसकी संचालक हैं। अर्थ होम में सैलानियों के ठहरने के लिए घास की बनी चार हट और आठ बेड की एक डारमेट्री की सुविधा है। करीब 400 मीटर दूर जंगल को निहारने के लिए एक वॉच टावर भी है। पूरा अर्थ होम जंगल थीम पर बना हुआ है। दिव्या शाह का कहना है कि पीलीभीत टूरिज्म के लिहाज से काफी बेहतर है। इसको लेकर होम स्टे योजना के तहत अर्थ होम बनाया है। दूर दराज से आने वाले सैलानी जंगल के बाहर भी जंगल की अनुभूति कर सकते हैं। उम्मीद है कि यह सैलानियों के लिए अच्छा साबित होगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे योजना शुरू की गई है। अब तक यह सुविधा जिले में तीन स्थानों पर है। इन्हीं में से एक बराही जंगल के किनारे बना टूरिज्म स्पॉट अर्थ होम भी है। होम स्टे योजना को विस्तार देने की प्रक्रिया चल रही है। - नवीन अग्रवाल, डिप्टी डायरेक्टर, पीलीभीत टाइगर रिजर्व
सैलानियों के रात्रि विश्राम के लिए बनी हट- फोटो : PILIBHIT
सैलानियों को आकर्षित करता अर्थ होम का प्रवेश द्वार- फोटो : PILIBHIT
बराही जंगल से सटे इलाके में होम स्टे योजना के तहत हरी भरी वादियों के बीच बना टूरिज्म स्पॉट अर्थहो?- फोटो : PILIBHIT