पीलीभीत जिले में बाघ की दहशत खत्म नहीं हो रही है। मंगलवार रात पूरनपुर से दो किमी दूर सड़क पर बाघ पहुंच गया। उसे देख राहगीरों में दहशत फैल गई। आधा घंटे तक आवागमन थमा रहा।
पीलीभीत में शेरपुर कलां और पूरनपुर के बीच नगर से करीब दो किलोमीटर दूर सड़क पर मंगलवार रात बाघ टहलते देख राहगीरों में खलबली मच गई। करीब आधा घंटा तक रास्ते पर आवागमन थमा रहा। कुछ लोगों ने सड़क पर घूम रहे बाघ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इलाके में बाघ की चहलकदमी से लोग दहशत में है।
विज्ञापन
शनिवार को बाघ शेरपुर कलां में आबादी के नजदीक रेशम फार्म के समीप देखा गया था। लोगों के शोर-शराबा करने पर बाघ समीप के चरी के खेत में छिप गया। आबादी के समीप बाघ की चहलकदमी की सूचना पर टाइगर रिजर्व की हरीपुर रेंज और सामाजिक वानिकी की टीम पहुंची थी। जांच में वन विभाग की टीम को बाघ के पगचिह्न मिले थे। बाद में अफसरों ने बाघ के जंगल में जाने का दावा किया था।
मंगलवार रात करीब 10 बजे बाघ पूरनपुर और शेरपुर के बीच नगर से करीब दो किलोमीटर दूर सड़क पर घूमता दिखा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बुधवार को खेतों में भी बाघ के पगचिह्न मिले हैं। सामाजिक वानिकी के रेंजर सरवन लाल ने बताया कि बाघ की सूचना पर टीम को भेजा गया था। बाघ की निगरानी को टीम लगाई गई है।