माधोटांडा। बाइफरकेशन पुल पर शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक बाघ जंगल से निकलकर पुल के नजदीक सिंचाई विभाग के कर्मचारियों की कॉलोनी का ओर पहुंच गया।
करीब 10 मिनट तक चहलकदमी करने के बाद बाघ जंगल की ओर निकल गया। बाघ की मौजूदगी देख पुल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जंगल सफारी वाहन भी वहां रुक गए। पीटीआर के पर्यटन स्थल पर शनिवार और रविवार दो दिन सैलानियों की अधिक संख्या रहती है। इसके साथ ही बाइफरकेशन पुल भी आम सैलानी घूमने के लिए पहुंचते हैं। शनिवार को दिनभर बाइफरकेशन में लोगों की आमद होती रही। शाम करीब चार बजे अचानक एक बाघ जंगल से निकलकर बाइफरकेशन पुल पर पहुंच गया और सिंचाई विभाग के कर्मचारियों की आवासी कॉलोनी की ओर जाने लगा।
बाघ को देख पुल पर मौजूद लोग चहलकदमी कर रहे बाघ का दीदार करने लगी।
इस बीच जंगल सफारी के वाहन भी मौके पर पहुंच गए। उसमें सवार सैलानी दूर से बाघ का नजारा देखते रहे। करीब 10 मिनट तक चहलकदमी करने के बाद बाघ कॉलोनी से पहले ही जंगल में चला गया। इसके बाद भी लोग टकटकी लगाए रहे। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इस नजारे को देखते रही और वीडियो मोबाइल में कैद करती रही। वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए।