पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के बेलो वाले चौराहे पर बाइक निकालने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। आरोपियों ने युवक के सिर पर रॉड से वार कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सराय खां निवासी कुलविंदर सिंह ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि आठ दिसंबर को सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह दूध के रुपये लेने के लिए बेलो वाले चौराहे पर गया था। इसी दौरान बाइक निकालने को लेकर उसकी वहां मौजूद एक युवक से कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद युवक ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार किया, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान सोहेल के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा। कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी गई है।