पूरनपुर। हरीपुर जंगल के बाहर घूम रहे बाघ की मंगलवार को लोकेशन नहीं मिली। वन विभाग के कर्मचारी बाघ के फिर जंगल में लौट जाने की बात कह रहे हैं। इससे किसान राहत महसूस कर रहे हैं।
पखवाड़ा भर पहले हरीपुर जंगल से निकला बाघ समीप के गांव जटपुरा के खेतों में देखा गया था। तब कुछ लोगों ने उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की थी। इसके दो दिन बाद बाघ जंगल किनारे के गांव रूदपुर के समीप देखा गया। बाघ की निगरानी को टीमें लगाई गई। इसके साथ ही आसपास के लोगों को सतर्क रहने को कहा गया। बाद में बाघ जंगल में चला गया था।
सोमवार को बाघ के पगचिह्न गांव रूदपुर से पिपरिया जयभद्र जाने वाले कच्चे रास्ते पर वन विभाग की टीम को मिले थे। मंगलवार को बाघ की जंगल के बाहर लोकेशन न मिलने पर वन विभाग के अफसर उसके फिर जंगल में जाने की बात कर रहे हैं। हरीपुर के रेंजर साजिद हसन ने बताया कि मंगलवार को बाघ की लोकेशन जंगल के बाहर नहीं मिली है।